- Hindi News
- National
- Kawardha News Chhattisgarh News Corona No Health Camp At Bus Stand For Screening
कोरोना: स्क्रीनिंग के लिए बस स्टैंड में हेल्थ कैंप नहीं
कोरोना वायरस को लेकर स्वास्थ्य विभाग तैयारी के दावे कर रहा है। हकीकत यह है कि होली के लिए दीगर राज्यों से पलायन किए लोग लौट रहे हैं। बस स्टैंड में स्क्रीनिंग के लिए हेल्थ कैंप तक नहीं लगाया गया है। स्टैंड में रोजाना नागपुर, अमरावती, अकोला (महाराष्ट्र), मंडला, जबलपुर, बिछिया (मप्र) समेत अन्य राज्यों की बसें आती है।
त्योहार मनाने इन दिनों पलायन किए लोग वापस आ रहे हैं, लेकिन स्वास्थ्य विभाग का इस पर ध्यान नहीं है। जिला अस्पताल में 3 बेडेड आईसोलेशन वार्ड सुरक्षित किया गया है। इस आईसोलेशन वार्ड में अटैच बाथरूम तक नहीं है। संदिग्ध को यहां भर्ती रख भी लेते हैं तो मरीज को शौच के लिए दूसरे वार्ड में जाना पड़ेगा। आईसोलेशन वार्ड में बेड के सिरहाने से लगा हुआ वाॅश बेसिन हैं। अस्पताल पहुंचने वाले सर्दी-जुकाम के मरीजों को मास्क भी नहीं दिया जा रहा। जबकि डॉक्टर व स्टाफ खुद मास्क पहने रहते हैं। सीएचएचओ डॉ. एसके तिवारी का कहना है कि जो लोग दिल्ली, आगरा, उत्तरप्रदेश, कोलकाता व अन्य राज्यों से त्योहार में अपने गांव लौट रहे हैं, उन पर नजर रखने के लिए मितानिनों व मैदानी अमले को अलर्ट कर दिया है। वे घरों में जाकर संबंधितों की जांच कर विभाग को रिपोर्ट देंगें।
कक्षा में मास्क पहनकर बच्चे कर रहे पढ़ाई
डरें नहीं, सतर्क रहें
सीएचएचओ डॉ. एसके तिवारी ने बताया कि संदिग्धों की जांच के लिए 50 वीटीएम किट व सेफ्टी किट, ट्रिपल लेयर मास्क 250 नग और येन- 95 मास्क 200 नग उपलब्ध है। इसे सभी अस्पतालों में बंटवा दिए हैं। कोरोना वायरस से सतर्क रहने की जरूरत है न कि डरने की। स्वास्थ्य विभाग की ओर से हेल्प लाइन नंबर 0771-223509 व 9713373165 जारी किया है। टाेल फ्री नंबर 104 पर भी संपर्क कर सकते हैं।
कोरोना वायरस को लेकर सोशल मीडिया में कई तरह की भ्रांतियां फैल गई है। स्थिति यह है मामूली सर्दी-जुकाम हेने पर लोग डर रहे हैं। प्राथमिक स्कूल सरेखा में कुछ दिनों से बच्चों को सर्दी-जुकाम की शिकायत थी। इस पर स्कूल के सभी बच्चों को मास्क बांटे गए। कक्षा में मास्क पहनकर बच्चे पढ़ाई करते नजर आए। इसे लेकर ऐहतियात बरता जा रहा है।