पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Kawardha News Chhattisgarh News Fear Of Corona Danger Still On Cancellation Of Bhoramdev Festival Because Crowd Will Gather On Teres

कोरोना का डर : भोरमदेव महोत्सव रद्द पर खतरा अब भी, क्योंकि तेरस पर जुटेगी भीड़

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

नोवेल कोरोना वायरस के डर से इस साल भोरमदेव महोत्सव नहीं होगा। भोरमदेव महोत्सव के सभी शासकीय कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया है। इसके साथ ही महोत्सव की 25 साल पुरानी परंपरा टूट गई है। लेकिन सरकारी कार्यक्रम स्थगित होने से कोरोना का खतरा अभी टला नहीं है। क्योंकि तेरस पर यहां हजारों लोगों की भीड़ जुटेगी ही।

भोरमदेव मंदिर में चैत्र कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी यानि तेरस पर वर्षों से मेला लगता आ रहा है। इस बार 23 मार्च को तेरस है और इस दिन न सिर्फ कबीरधाम बल्कि दीगर जिलों व राज्यों से लोग यहां दर्शन के लिए पहुंचते हैं। इस पर अंकुश लगाना मुमकिन नहीं है। हालांकि, भोरमदेव मंदिर में तेरस पर होने वाले दीपदान सहित सभी व्यक्तिगत धार्मिक अनुष्ठान होंगे। इसे लेकर सतर्कता बरतने के लिए स्वास्थ्य विभाग को हिदायत दी है। उल्लेखनीय है कि भोरमदेव महोत्सव की शुरुआत वर्ष 1995 में हुई थी। वर्ष 2004 तक तो इसमें स्थानीय कलाकार ही शिरकत करते रहे। वर्ष 2005 से इसे भव्य रूप प्रदान किया गया और बड़े कलाकार इसमें शिरकत करने लगे। इस बार 21, 22 व 23 मार्च को महोत्सव होने वाला था, जो स्थगित किया गया है।

मेले में एक भी संक्रमित व्यक्ति पहुंचा तो रोकथाम मुश्किल


भोरमदेव महोत्सव को लेकर कलेक्टोरेट में गुरुवार शाम 5.30 बजे मीटिंग हुई। बैठक में कलेक्टर अवनीश कुमार शरण ने स्वास्थ्य विभाग से इस संबंध में पूछा। सीएमएचओ डॉ. एसके तिवारी ने बताया कि कोरोना वायरस संक्रामक बीमारी है। महोत्सव में हजारों लोग जुटेंगे। इस बीच यदि एक भी संक्रमित व्यक्ति पहुंचा तो उसके संपर्क में आने वाले कई लोग संक्रमित हो सकते हैं। ऐसे में संक्रमित लोगाें की पहचान मुश्किल हो जाएगी। कोई भी जोखिम लेना उचित नहीं होगा। इस पर कलेक्टर ने महाेत्सव को स्थगित करने का निर्णय लिया। बैठक में एसपी डॉ. लाल उम्मेद सिंह, जिपं सीईओ विजय दयाराम के, अपर कलेक्टर जीवन किशोर ध्रुव समेत आयोजन समिति के सभी सदस्य उपस्थित थे।


निजी मेडिकल में मास्क भी खत्म डिस्ट्रीब्यूटर नहीं कर रहे सप्लाई

कवर्धा| कोरोना वायरस को लेकर लोगों को खौफ बढ़ गया है। इतना कि संक्रमण से बचने के लिए अचानक मास्क की डिमांड बढ़ गई है। लेकिन निजी मेडिकल स्टोर्स में मास्क का स्टॉक ही खत्म हो गया है। मेडिकल संचालकों की मानें, तो डिमांड की गई है, लेकिन डिस्ट्रीब्यूटर माल सप्लाई नहीं कर रहे हैं।

पूछने पर मांग अधिक होने के कारण सप्लाई कम होने की बात कही जा रही है। भास्कर ने राजमहल चौक, बस स्टैंड, मार्केट लाइन और रायपुर रोड स्थित 6 निजी मेडिकल स्टोर्स में पता किया, लेकिन मास्क नहीं मिला। मार्केट लाइन में सिर्फ एक मेडिकल स्टोर स्टोर में 2 लेयर मास्क उपलब्ध था, लेकिन उसकी कीमत 25 रुपए बताया। स्टॉक कम होने के कारण कीमत सामान्य से ज्यादा थी। सीएमएचओ डॉ. एसके तिवारी ने बताया कि यदि निजी मेडिकल में बढ़ी कीमत पर मास्क बेची जा रही है, तो शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

बचाव की तैयारी का दावा: स्वास्थ्य विभाग कोरोना वायरस से बचाव की तैयारी का दावा कर रही है। जिला अस्पताल में 3 बेडेड आइसोलेशन वार्ड सुरक्षित किया है। लेकिन संदिग्धों की जांच की यहां व्यवस्था नहीं है। अस्पताल में डॉक्टर व सपोर्टिंग स्टाफ के लिए 50 वीटीएम किट व सेफ्टी किट और ट्रिपल लेयर मास्क 250 नग और येन- 95 मास्क 200 नग उपलब्ध है,मरीजों को नहीं दे रहे हैं।

जांच के लिए व्यवस्था नहीं, दिल्ली भेजना पड़ेगा सैंपल


स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तिवारी बताते हैं कि कोरोना की रोकथाम के लिए जिला अस्पताल कवर्धा समेत सभी 5 सामुदायिक अस्पतालों में आइसोलेशन वार्ड सुरक्षित किया गया है। समस्या यह है कि संक्रमितों की जांच की सुविधा पूरे छग में कहीं नहीं है। यदि किसी व्यक्ति में वायरस के लक्षण मिलते हैं, तो पुष्टि के लिए उसके ब्लड सैंपल लेकर जांच के लिए दिल्ली, पुणे (महाराष्ट्र) भेजना पड़ेगा।

विभाग अलर्ट: सतर्कता बरतने के निर्देश

हेल्पलाइन नंबर जारी

स्वास्थ्य अधिकारी बताते हैं कि कोरोना वायरस, स्वाइन फ्लू और जीका वायरस से भी ज्यादा खतरनाक है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों के लिए हेल्प लाइन नंबर 0771-223509 व 9713373165 जारी किया है। 104 टोल फ्री नंबर पर भी संपर्क कर सकते हैं।

निजी मेडिकल में मिलने वाले साधारण मास्क की कीमत 25 रु.।

कवर्धा. भोरमदेव मंदिर में इस बार तेरस पर नहीं होगा महोत्सव।
खबरें और भी हैं...