- Hindi News
- National
- Kawardha News Chhattisgarh News Husband Used To Give Taunt When He Gave Birth To Daughter So Mother Killed Little Puja And Threw It In The Well
बेटी पैदा करने पर पति देता था ताने, इसलिए मां ने नन्ही पूजा को मारकर कुएं में फेंका
झलमला थाना क्षेत्र के ग्राम केमटिया डोंगरी में रविवार सुबह कुएं में नन्ही पूजा (ढाई माह) की लाश मिली थी। उसकी हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसकी मां सरस्वती बाई परते ने की थी। इस खुलासे से गांव के लोग सन्न रह गए हैं। वहीं इस सोच में डूबे हैं कि आखिर एक मां इतनी निर्दयी कैसे हो सकती है।
घटना के बाद पुलिस ने मृत बच्ची के माता-पिता से अलग-अलग पूछताछ की। इससे हत्या की हकीकत सामने आ ही गई। मृत बच्ची की मां सरस्वती बाई परते ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। बताया कि वह पति पवन परते के ताने से परेशान हो चुकी थी। बेटे की जगह बेटी पैदा कर दी, कब तक तुम तीनों का बोझ सहता रहूंगा..। यही कहकर अक्सर उसका पति ताने देता था। शनिवार रात भी इसी बात को लेकर दोनों में झगड़ा हुआ। उसी रात आरोपी मां सरस्वती ने नन्ही पूजा को मार डाला। फिर घर से कुछ दूर खेत के कुएं में फेंक दिया था। एएसपी अनिल कुमार सोनी का कहना है कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। मामले की विवेचना अभी जारी है।
कुएं में फेंकने से पहले बच्ची को गला घोटकर मारा था, फिलहाल पुष्टि नहीं : पुलिस ने जब नन्ही पूजा की लाश को कुएं से निकाला, तो शव के गले में कपड़ा लिपटा हुआ था। इससे यह अंदेशा लगाया जा रहा था कि पहले बच्ची की गला घोंटकर हत्या की गई। फिर उसे कुएं में फेंका गया। फिलहाल अभी इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने के बाद ही इसका पता चल सकेगा।
**