- Hindi News
- National
- Kawardha News Chhattisgarh News No Effect Of Ban Four Wheelers Entering The Market Jammed
प्रतिबंध का असर नहीं, बाजार में घुस रहे चारपहिया वाहन, लग रहा जाम
शहर में ट्रैफिक व्यवस्था दिनों दिन बिगड़ती जा रही है। नगर के मेन मार्केट के भीतर चार पहिया वाहनो के ले जाने पर प्रतिबंध लगा है। इसके बावजूद इन दिनों मार्केट के भीतर चार पहिया वाहन चालक व निजी स्कूल की बसे नियमों का उल्लंघन कर बाजार के भीतर से गुजर रही है। इसके चलते बाजार में जाम की स्थिति निर्मित होने लगी है। इससे दोपहिया चालकों व अन्य लोगाें को आने जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बाजार में त्योहारी सीजन में लोगो की भीड़ बढ़ जाती है। इससे अन्य दिनों की तुलना में पर्व पर बाजार के भीतर वाहनो की आवाजाही से स्थिति और भी बिगड़ जाती है। बाजार में ट्रैफिक जाम की स्थिति से निपटने के लिए हर साल प्लान बनाया जाता है। लेकिन इसके बाद भी जाम की समस्या दूर नहीं हो रही है। इससे लोग परेशान है। सबसे ज्यादा मेन बाजार, सराफा लाइन, रायपुर रोड स्थित सब्जी मंडी में लोगों की आवाजाही बनी रहती है। लेकिन बाजार के भीतर चार पहिया वाहनों के घुसने से घंटे भर तक जाम की स्थिति बनने लगती है। गुरुनानक देव चौक से चारपहिया वाहनों के निकलने के लिए रोड डायवर्ट किया गया है। लेकिन वाहन चालक डायवर्ट मनमानी कर रहे हैं।
चौक में पुलिस तैनात नहीं, मेन मार्केट में ही बैखौफ होकर वाहन सहित घुसते हैं
मेन मार्केट के भीतर चारपहिया वाहन न घुस पाए व ट्रैफिक व्यवस्था से निपटने ऋषभ देव चौक के पास जवान तैनात किया गया था। लेकिन महीने भर से जवान तैनात नहीं है। इससे चारपहिया वाहन चालक मेन मार्केट के भीतर वाहनों को बाजार के भीतर से निकाल रहे हैं। इससे मेन मार्केट के भीतर अव्यवस्था निर्मित होने लगती है लोगों की परेशानी बढ़ जाती है।
जवानों की कमी है: यातायात प्रभारी इजराइल खान ने बताया कि जवानों की कमी है। शहर के केवल पांच जगहों में जवानों को तैनात किया गया है जहां वे यातायात व्यवस्था संभाल रहे हैं। उन्होंने बताया कि जल्द ही व्यापारियों को समझाइश दी जाएगी। ताकि बाजार की ट्रैफिक व्यवस्था सुधर जाए। अगर समझाइश के बाद भी व्यापारी नहीं माने तो कार्रवाई की जाएगी। साथ ही निर्धारित स्थानों में वाहन खड़ी करने को लेकर भी व्यवस्था बनाई जाएगी।
दुकान के सामने सामान रखकर बेच रहे व्यापारी, फिर भी कार्रवाई नहीं
मेन मार्केट, सब्जी मंडी की सड़कों पर फैलाकर अस्थायी अतिक्रमण स्थायी समस्या बन गया है। व्यापारी दुकानों के बाहर सामान रखकर बेच रहे है। इससे सड़क में लोगों के चलने की जगह नहीं बच पाती है। जिसके कारण मार्ग संकरा होने से वाहन चालकों को जाने में दिक्कतें होती है। लेकिन इस पर अब तक कार्रवाई नहीं हो पाई है। पुलिस व नगर पालिका प्रशासन द्वारा व्यवस्था नहीं बना पा रही है। हालांकि जिम्मेदारों द्वारा व्यापारियों को समझाइश के बाद कार्रवाई किए जाने की बात कही जाती है। लेकिन इसके बाद भी व्यवस्था सड़कों में दुकान के बाहर रखकर सामान बेच रहे व्यापारियों को हटाने में असफल है। कार्रवाई नहीं होने से व्यापारियों के हौसले बुलंद है। इससे बेखौफ होकर बाजार के भीतर सड़क में दुकान के बाहर व्यापारी सामान रखकर बेच रहे हैं।
कवर्धा. मार्केट के भीतर चारपहिया वाहनों के घुसने के कारण अक्सर जाम लगता रहता है।