- Hindi News
- National
- Kawardha News Chhattisgarh News Smugglers Going To Jabalpur To Deliver Delivery Concealed In 82 Kg Hemp Trunk
82 किलो गांजा डिक्की में छुपाकर डिलीवरी देने जबलपुर जा रहे तस्कर पुलिस के हत्थे चढ़े
बोड़ला में रविवार के चेकिंग के दौरान पुलिस ने दो अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को पकड़ा है। उनके पास से 82 किलो गांजा बरामद किया गया है, जिसे गाड़ी की डिक्की में छुपाया था। आरोपी इसकी डिलीवरी देने जबलपुर (मप्र) जा रहे थे। इससे पहले ही पुलिस ने तस्करों को धर दबोचा।
आरोपी छत्रदेव सिंह पिता तेज बहादुर सिंह (24) निवासी ग्राम रोल जिला रीवा (मप्र) और राहुल पिता शिवप्रसाद विश्वकर्मा (22) ग्राम गाजन जिला सतना (मप्र) का रहने वाला है। दोनों सूमो विक्टा वाहन में 82 किलो गांजा लेकर जबलपुर (मप्र) जा रहे थे। सूचना पर बोड़ला पुलिस ने पहले ही रायपुर-जबलपुर नेशनल हाईवे-30 पर नाकेबंदी कर दी। टीआई संतराम सोनी ने बताया कि मध्यप्रदेश की ओर जा रही गाड़ियों की चेकिंग की जाने लगी। तभी आरोपियों की गाड़ी तेज रफ्तार में वहां पहुंची। पुलिस ने गाड़ी रोकवाई और तलाशी लेने पर गाड़ी की डिक्की से 82 किलो गांजा बरामद किया। इसकी कीमत 4.10 लाख रुपए बताई जा रही है।
ओडिशा से आया था गांजा रायपुर से इसे ला रहे थे: जब्त गांजा ओडि़शा से रायपुर आया था। वहां से ये दोनों तस्कर गाड़ी की डिग्गी में छिपाकर जबलपुर ले जा रहे थे। इस दौरान तस्करों ने रायपुर, सिमगा, बेमेतरा पुलिस को चकमा दिया। कबीरधाम के दशरंगपुर चौकी व कोतवाली थाना कवर्धा की हद को पार कर चुके थे, बोड़ला पुलिस ने तस्करों को गिरफ्तार कर लिया।
बोड़ला पुलिस से लगातार बिदक रहे थे गांजा तस्कर
मध्यप्रदेश की सीमा से लगे कबीरधाम जिले के चिल्फी थाना की पुलिस ने पिछले ढाई महीने में करीब 22 लाख का गांजा पकड़ा है। सभी प्रकरणों में तस्कर बोड़ला थाने को पार कर चिल्फी तक पहुंचे थे। यानी बोड़ला पुलिस से लगातार बिदक रहे थे। इससे बोड़ल पुलिस की लगातार किरकिरी हो रही थी।