- Hindi News
- National
- Kawardha News Chhattisgarh News There May Be Possibility Of Rain In Kawardha Due To Sea Winds Strong Winds
समुद्री हवाओं सेे कवर्धा में हो सकती है बारिश, तेज हवाएं चलने की आशंका
समुद्री हवाओं के कारण अगले 48 घंटे के दौरान कवर्धा समेत छग के कई स्थानों पर बारिश हो सकती है। 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की भी संभावना है। मौसम विभाग ने 14 मार्च तक के लिए मौसम के पूर्वानुमान के साथ ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
कबीरधाम जिले में 10 मार्च से समुद्री हवाओं का असर देखा जा रहा है। 10, 11 व 12 मार्च की सुबह बारिश हुई हुई। इससे गुरुवार को कवर्धा का अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य से क्रमश: 2 डिग्री कम है। आगामी दिनों में भी मौसम ऐसे ही बना रहेगा। बेमौसम बारिश का असर सेहत पर पड़ सकता है। इसलिए सतर्क रहने की जरूरत है। पूर्वानुमान के मुताबिक 13 व 14 मार्च को 40 किमी घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और बारिश की संभावना है। इससे किसानों को खासा नुकसान उठाना पड़ सकता है।
इसलिए हो रही है बारिश: रायपुर के मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा बताते हैं कि राज्य में बारिश समुद्री हवाओं और बंगाल की खाड़ी में उत्पन्न एंटी साइक्लोन (प्रति चक्रवात) सिस्टम के कारण हो रहा है। समुद्री हवाओं के कारण दक्षिणी- पश्चिमी राजस्थान और पड़ोसी इलाकों में कम दबाव वाला क्षेत्र उत्पन्न हो रहा है। साथ ही बंगाल की खाड़ी में उत्पन्न प्रति चक्रवात सिस्टम के कारण झारखंड में नमी आ रही है। इन्हीं दो कारणों से मार्च महीने में बारिश हो रही है।
बेमौसम बारिश के चलते दिन व रात के तापमान पर असर पड़ेगा। तापमान में गिरावट की संभावना है। 12 मार्च को अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस रहा। पूर्वानुमान के मुताबिक 13 व 14 मार्च को अधिकतम तापमान 28 डिग्री व न्यूनतम 19 डिग्री तक पहुंच जाएगा।
4818 हेक्टेयर में लगी चने की फसल हो गई खराब
पखवाड़ेभर पूर्व 24 फरवरी को तेज बारिश के साथ ओले गिरे थे। इससे चना फसल तबाह हो गई थी। कृषि विभाग के सर्वे के मुताबिक बेमौसम बारिश व ओलावृष्टि से जिले में 4818 हेक्टेयर चना फसल खराब हो चुकी है। इससे किसानों को काफी नुकसान पहुंचा है। कृषि विभाग के टोल फ्री नंबर पर अब तक 2300 से अधिक शिकायतें आ चुकी है। बीमित रकबे का सर्वे पूरा हो चुका है। क्षतिपूर्ति के लिए शासन को क्लेम भेज दिया है।
जानिए, पिछले तीन दिन जिले में ऐसे रहा तापमान
दिन अधिकतम न्यूनतम
12 मार्च 290 200
11 मार्च 300 190
10 मार्च 280 200
09 मार्च 310 180