- Hindi News
- National
- Kawardha News Chhattisgarh News Vaccination Of Animals Done To Protect Them From Cracking Mouth Disease
खुरपका मुंहपका रोग से बचाने पशुओं का किया टीकाकरण
पशु रोग नियंत्रण अंतर्गत विभाग द्वारा पशुओं में होने वाले खुरपका-मुंहपका रोग नियंत्रण एवं उन्मूलन कार्यक्रम चलाया जा रहा है। पशु पालन विभाग के उपसंचालक डाॅ. एनपी मिश्रा ने बताया कि राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण के तहत सभी पशु चिकित्सा सहायक शल्यज्ञ, सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी, मैत्री, गौसेवक को शामिल कर 35 दलों का गठन किया गया है। जिनके द्वारा जिले के 39,8768 पशुओं का टीकाकरण किया जाएगा। पशुओं का टीकाकरण कार्य शुरु कर दिया गया है। साथ ही पशुओं के सहज पहचान व पंजीयन के लिए 12 डिजिट का यूनिक ईयर टैग भी पशुओं को टीकाकरण के साथ लगाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिले में अभी तक 41,020 पशुओं का टीकाकरण और 12,266 पशुओं में ईयर टैग लगाया जा चुका है। यह कार्य जारी रहेगा।
संक्रमित चारा पानी से फैलता है रोग: डाॅ. मिश्रा ने बताया कि खुरपका - मुंहपका जुगाली करने वाले और दो खुर वाले पशुओं में होने वाला विषाणु जनित अति संक्रमण रोग है। इस रोग का प्रसार एक पशु से दूसरे पशु के संपर्क और संक्रमित चारा पानी के माध्यम से होता है। उन्होंने बताया कि बीमारी के मुख्य लक्षण संक्रमित पशु को तेज बुखार के साथ मुंह और जीभ में तथा खुरों में छाले और फफोले हो जाते है, जिसकी वजह से पशु ठीक से चारा नहीं खा पाता और चलने में असमर्थ हो जाता है। इस बीमारी में मृत्यु दर कम है। पशु को स्वस्थ होने में लंबा समय लग जाता है। साथ ही पशु की कार्यक्षमता तथा प्रजनन क्षमता प्रभावित होती है। पशु पालकों को आर्थिक नुकसान सहना पड़ता है।
पशुओं काे टीका लगाते डॉक्टर।