- Hindi News
- National
- Katghora News Chhattisgarh News Action Forest Staff Recovered 25 Million Rupees Timber Recovered From Matador
कार्रवाई: वन अमले ने मेटाडोर से बरामद की ढाई लाख रुपए की इमारती लकड़ी
वनमंडल कटघोरा के केंदई परिक्षेत्र में गश्त पर निकले वन अमले ने मदनपुर सर्किल में इमारती लकड़ी की तस्करी करते मेटाडोर को जब्त किया है। लकड़ी की कीमत ढाई लाख रुपए बताई जा रही है। लकड़ी किस जंगल से काटकर लाई गई थी इसका अब तक खुलासा नहीं हुआ है। लकड़ी सरगुजा जिला ले जाने की तैयारी थी।
वन अफसरों के अनुसार केंदई वनपरिक्षेत्र के मदनपुर सर्किल में इमारती लकड़ी की अवैध कटाई कर परिवहन किए जाने की सूचना मिली थी। इसके चलते देर रात वन अमला सर्चिंग कर रहा था। सर्किल के सहायक वन परिक्षेत्र अधिकारी संतोष यादव, पवन बिंझवार, रामप्रताप, वन प्रबंधन समिति के अध्यक्ष नारायण सिंह, प्रेम सिंह अरसिया जंगल मार्ग पर निकले थे। रात ढाई बजे जंगल की ओर से मेटाडोर क्रमांक सीजी 12 बी 1910 आते दिखी। अमले ने मेटाडोर को हाथ देकर रोकने का इशारा किया। मेटाडोर का चालक वाहन रोकते ही भाग निकला। जांच की गई ताे पीछे भूसे के बोरे के नीचे 44 नग इमारती लकड़ी मिली। वाहन जब्त कर परिक्षेत्र कार्यालय लाया गया। वाहन किसका था जांच की जा रही है।
पीछे आ रही थी बाइक, सवार वाहन छोड़कर भागा
मेटाडोर के पीछे बाइक क्रमांक सीजी 12 एडब्ल्यू 4561 में सवार होकर आ रहा था। जब वन अमले को देखा तो वह भी बाइक छोड़कर भाग गया। बाइक वन अमले ने जब्त की है। बताया जा रहा है कि जंगल से मेटाडोर में लकड़ी लोड कर बाइक सवार पीछे ही आ रहा था। वाहन के आधार पर उसकी पतासाजी की जा रही है।