- Hindi News
- National
- Korba News Chhattisgarh News Applications Are Received Twice The Seats In Big Private Schools
बड़े निजी स्कूलों में सीटों से दोगुना मिले हैं आवेदन
लोगों को आवेदन करने आगे लाने के लिए 20 को लगेगा आरटीई मेला
निजी स्कूलों में अनिवार्य बाल शिक्षा अधिकार अधिनियम (आरटीई) में मुफ्त प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हुए 8 दिन हो गए हैं। पोर्टल में अब तक विसंगतियां हैं।
इसे लेकर अभिभावकों को परेशान होना पड़ रहा है। दूसरी ओर उपनगरीय क्षेत्र दर्री-जमनीपाली, बांकीमोंगरा, कुसमुंडा व गेवरा-दीपका क्षेत्र के 50 निजी स्कूलों में आवेदकों की संख्या सीट से दोगुना पहुंच गई है। जबकि इनमें कुछ ऐसे स्कूल हैं, जिनमें आवेदन करने अभिभावक रुचि नहीं ले रहे हैं। पहले चरण में आवेदन के लिए 14 दिन बाकी हैं। अब तक कि स्थिति में उपनगरों के 50 निजी स्कूलों में आरटीई की 896 सीटों पर दाखिला दिया जाना है। स्थिति यह है कि 1371 अभिभावकों ने बच्चों को दाखिला दिलाने के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पूरी कर ली है। इन आवेदकों में अधिकांश की पसंद बड़े निजी स्कूल हैं। जहां लोगों ने अधिक संख्या में आवेदन किए हैं। जबकि इन 50 निजी स्कूलों में कुछ ऐसे स्कूल भी हैं, जिन्हें 8 दिन में एक भी आवेदन नहीं मिला है। तो कुछ में तय सीट से काफी कम संख्या में आवेदक सामने आए हैं। ऐसे में कई आवेदनों के निरस्त होने की आशंका अभी से बनने लगी है। क्योंकि सीट से अधिक आवेदन आने पर ऑनलाइन लाटरी में जिसका नाम आएगा उसी को प्रवेश मिलेगा, शेष छात्र वंचित हो जाएंगे। यह स्थिति हर साल बनती है। इसके कारण जिले की कुल 5429 सीटों पर आवेदन नहीं हो पाते हैं। जिले में 289 निजी स्कूल हैं। इसमें से नगर निगम क्षेत्र में 136 स्कूल शामिल हैं।
अब तक इन स्कूलों में सर्वाधिक आवेदन
स्कूल सीट आवेदन
बीकन इंग्लिश हायर सेकंडरी स्कूल दर्री 18 107
हसदेव हायर सेकंडरी स्कूल दर्री 20 140
सरस्वती शिशु मंदिर प्रगतिनगर दर्रीखार 11 50
सरस्वती शिशु मंदिर रुमगरा 10 71
29 मार्च तक आवेदनों
की करेंगे पड़ताल
डीईओ सतीश कुमार पाण्डेय ने बताया कि जिन स्कूलों में आवेदकों की संख्या कम होगी। वहां के लोगों को प्रोत्साहित करने के लिए 20 मार्च को आरटीई मेला लगाया जाएगा। यह मेला जिला व नोडल स्तर पर अभिभावकों के बीच किया जाएगा। ताकि अधिक से अधिक लोगों को जोड़ा जा सके। 22 मार्च तक मिले आवेदनों की जांच 29 मार्च तक नोडल अधिकारी करेंगे। जिन स्कूलों में आवेदक अधिक होंगे। वहां 30 को लाटरी निकाल कर सीटों का आवंटन किया जाएगा।