- Hindi News
- National
- Korba News Chhattisgarh News Delivery Was Done After Getting A Bed At The Sub Health Center
उप स्वास्थ्य केंद्र में खाट लाकर कराना पड़ा प्रसव
कोरबा| बालको नगर के परसाभाठा स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र में तबादले के बाद संविदा एएनएम कौशिल्या रायसागर मनमर्जी से बिना उच्च अधिकारियों को सूचना दिए वहां का पूरा संसाधन अपने साथ ले गईं। जिसके बाद वहां पदस्थ महिला स्वास्थ्य कर्मी भुवनेश्वरी चंद्रवंशी बिना संसाधन व बिजली के ड्यूटी कर रही है। शुक्रवार को परसाभाठा में रहने वाली एक गर्भवती का स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव कराने के लिए परिजन स्वयं खाट व अन्य सामान लेकर वहां पहुंचे थे। जिसके बाद महिला स्वास्थ्य कर्मी चंद्रवंशी ने सुरक्षित प्रसव कराया। स्थानीय महिला समिति के मुताबिक महिला स्वास्थ्य कर्मी चंद्रवंशी पूर्व में स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ थी। जो अच्छे से प्रसव कराती थी। बीच में नर्सिंग की ट्रेनिंग में चली गई थी। इसके बाद संविदा एएनएम कौशिल्या रायसागर पदस्थ हुईं। अब तबादले के बाद वह दोबारा स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ होने के प्रयास में जुटी हैं। महिला समिति ने एएनएम कौशिल्या रायसागर के खिलाफ शिकायत करते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि सुविधाएं नहीं हाेने के कारण क्षेत्र के मरीजों को परेशान होना पड़ रहा है। इसके बाद भी अफसर ध्यान नहीं दे रहे हैं।