- Hindi News
- National
- Korba News Chhattisgarh News Fear Of Corona Class 9th 11th Exam Canceled Primary And Middle Will Be In April
कोरोना का डर : कक्षा 9वीं, 11वीं की परीक्षा रद्द, प्राइमरी व मिडिल की अप्रैल में होगी
कोरोना वायरस की वजह से राज्य सरकार ने 31 मार्च तक स्कूल व कॉलेज बंद करने का आदेश जारी किया है। गुरुवार को आदेश देर रात पहुंचा। इस वजह से शुक्रवार को स्कूल पहुंचे बच्चों को घर लौटना पड़ा। शिक्षकों का अवकाश रहेगा या नहीं इसको लेकर दिनभर संशय की स्थिति बनी रही।
सरस्वती शिशु मंदिर समेत कई प्राइवेट स्कूलों में पढ़ाई हुई। शिक्षकों का कहना था कि आदेश हमारे पास नहीं पहुंचा था। इस वजह से विद्यार्थी स्कूल आ गए थे। इधर 14 मार्च से शुरू होने वाली 9वीं और 11वीं की परीक्षा रद्द कर दी गई है। साथ ही प्राइमरी व मिडिल की परीक्षा भी अब अप्रैल में होगी। शिक्षा विभाग ने आदेश में कहा है कि 31 मार्च तक स्कूलों में ताला बंद रहेगा। इस आदेश को लेकर शिक्षक सबसे अधिक परेशान रहे। अधिकारी भी नहीं बता पाए कि उन्हें स्कूल आना है या नहीं। 10वीं व 12वीं की बोर्ड परीक्षा चल रही है। वह पहले की तरह चलती रहेगी। स्कूलों की स्थानीय परीक्षा भी शुरू होने वाली थी, जिसे रद्द कर दिया गया। साथ ही कॉलेज भी इस दौरान बंद रहेंगे। कई बच्चे मास्क पहने नजर आए। छात्र-छात्राओं ने बताया कि उन्हें स्कूल बंद होने की जानकारी नहीं थी। इस वजह से स्कूल आए थे। स्कूल पहुंचने पर शिक्षकों ने वापस घर जाने को कहा। वनांचल के स्कूलों में तो शिक्षक गए ही नहीं। इसके कारण बच्चों को इंतजार करना पड़ा।
जानिए जिले में कितने स्कूल और काॅलेज
1526 प्राइमरी स्कूल
513 मिडिल स्कूल
180 हायर सेकंडरी
व हाई स्कूल
19 काॅलेज
292 प्राइवेट स्कूल
आंगनबाड़ी केन्द्र व लाइब्रेरी को भी बंद किया गया
शासन ने आंगनबाड़ी केन्द्र व मिनी आंगनबाड़ी केन्द्रों को 31 मार्च तक बंद करने का आदेश जारी किया है। लाइब्रेरी, स्वीमिंगपूल व वाटर पार्क को भी बंद करने का आदेश दिया है। सचिव अलरमेल मगईडीह ने इस संबंध में आदेश जारी कर कलेक्टर से पालन कराने कहा है।
शासन के आदेश का किया जा रहा पालन: कलेक्टर
कलेक्टर का कहना है कि राज्य शासन ने स्कूल व काॅलेज को बंद करने का आदेश जारी किया है। कोरोना वायरस को लेकर सतर्कता बरती जा रही है। इसके अलावा बचाव के लिए सभी अस्पतालों को अलर्ट किया गया है।
स्कूल से वापस घर जाते छात्र-छात्राएं
जिला प्रशासन में पसरा रहा सन्नाटा, लोग भी नहीं आए
जिला प्रशासन में शुक्रवार को सन्नाटा पसरा रहा। अधिकारी अपने कक्षों में बैठे रहे। मौसम खराब होने की वजह से कम ही लोग पहुंचे। कर्मचारियों का कहना था कि यहां भी बड़ी संख्या में लोग शिकायत लेकर पहुंचते हैं। ऐसे में मास्क का वितरण किया जाना चाहिए।