- Hindi News
- National
- Korba News Chhattisgarh News High Vibration Closed 500 Mw Plant Starts Production Dspm Also Improved
हाई वाइब्रेशन से बंद 500 मेगावाट प्लांट से उत्पादन शुरू, डीएसपीएम में भी सुधार
राज्य पावर जेनरेशन कंपनी के बिजली प्लांट में शनिवार को एक साथ 7 इकाइयों से बिजली उत्पादन बंद होने से प्रबंधन की मुश्किलें बढ़ गईं थी। इससे बिजली उत्पादन प्लांटों की क्षमता आधे से कम हो गई थी। खराबी दूर करने की कोशिश जारी रही।
रविवार दोपहर बाद तक प्रबंधन ने हाई वाइब्रेशन फाल्ट के चलते बंद हुई एचटीपीपी की 500 मेगावाट विस्तार प्लांट से बिजली उत्पादन शुरू कर लिया है। यह इकाई वार्षिक रखरखाव के बाद से उत्पादन में आने के बाद दो बार बंद हो चुकी है। इससे रखरखाव कार्य पर सवाल उठ रहे हैं। यहां तकनीकी खराबी से बंद एक और इकाई को उत्पादन में लाया गया है। जबकि एक यूनिट का सुधार चल रहा है। इधर डीएसपीएम प्लांट में भी रविवार को 250 मेगावाट की एक इकाई में आई तकनीकी खराबी को दूर कर उत्पादन शुरू किया गया। अब यहां 250-250 मेगावाट के दोनों प्लांट उत्पादन में हैं। वहीं मड़वा में भी टेक्निकल फाल्ट के चलते बंद हुई 500 मेगावाट की एक यूनिट से बिजली उत्पादन शुरू किया गया है।
बांगो हाइडल प्लांट की इकाई से उत्पादन
पावर प्लांटों की इकाइयों में आई खराबी के चलते अभी बांगो हाइडल प्लांट की इकाई से भी बिजली उत्पादन किया जा रहा है। रविवार को प्रदेश में बिजली की मांग करीब 3400 मेगावाट रही। तीन इकाइयों के उत्पादन में आने से प्रबंधन को राहत मिली है, लेकिन परेशानी दूर नहीं है। हालांकि मांग के अनुसार बिजली उपलब्ध रहने से दबाव नहीं है।
तीन इकाइयां उत्पादन से अब तक बाहर
प्लांटों में तीन इकाइयों से अब तक बिजली उत्पादन बंद है। कोरबा पूर्व प्लांट में 120 मेगावाट यूनिट की दो नंबर इकाई को वार्षिक रखरखाव के लिए बंद किया गया है। जबकि एचटीपीपी में 210 मेगावाट की एक नंबर इकाई में भी वेक्यूम पाइप फटने से यूनिट अचानक बंद हो गई। मड़वा प्लांट में 500 मेगावाट की एक इकाई बीते कई माह से बंद है। अभी भी मांग अनुसार बिजली सप्लाई का दबाव बना है।