- Hindi News
- National
- Korba News Chhattisgarh News Neither Scanning Facilities Nor Conducting Awareness Campaign For Passengers
यात्रियों को न स्कैनिंग की सुविधा न ही जागरूकता अभियान चला रहे
देश में कई राज्यों में कोरोना वायरस के संदिग्ध मामले सामने आ गए हैं। कर्नाटक में इससे पॉजिटिव एक बुजुर्ग की मौत भी हो गई है। ऐसे में कर्नाटक समेत जिन राज्यों या क्षेत्रों में कोरोना वायरस के मामले सामने आए हैं। वहां से ट्रेनों में शहर आने वाले यात्रियों के संक्रमित होने से यहां वायरस फैलने का खतरा है, लेकिन जिले में स्वास्थ्य विभाग व प्रशासन समेत रेलवे लोगों को जागरूक करने में ज्यादा गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं और न ही इसके रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।
प्रभावित क्षेत्रों से आने वाले 2 द्विसप्ताहिक ट्रेन यशवंतपुर (वेनगंगा) एक्सप्रेस व कोरबा (त्रिवेंद्रम) एक्सप्रेस में आने वाले यात्रियों की रेलवे स्टेशन में स्कैनिंग की व्यवस्था नहीं है। न ही संदिग्ध मरीज पर निगरानी के लिए अमला तैनात किया गया है। यहां तक की स्टेशन परिसर या आसपास यात्रियों को कोरोना से बचाव के लिए जागरूक करने फ्लेक्स-पोस्टर लगाए गए हैं। इस कारण स्टेशन परिसर में मौजूद यात्रियों समेत ट्रेनों में आवाजाही करने वाले अधिकांश यात्री बिना सुरक्षा के ही भीड़भाड़ में यात्रा कर रहे हैं। चंद यात्री ही मास्क लगाकर कोरोना वायरस से बचने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं। टीटीई समेत रेलवे कर्मचारी भी बिना मास्क के काम कर रहे हैं। जबकि रायपुर समेत अन्य बड़े रेलवे स्टेशन में यात्रियों को कोरोना वायरस से बचाव के लिए रेलवे की ओर से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। रेलवे अधिकारी-कर्मचारियों को कोरोना वायरस से बचाने के लिए मास्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं। स्टेशन पर प्लेटफार्म की साफ-सफाई हो रही है। इस संबंध में जानकारी के लिए जिला सर्विलेंस अधिकारी डॉ. कुमार पुष्पेश से मोबाइल पर संपर्क का प्रयास किया गया। लेकिन उनकी कॉल रिसीव नहीं हुई।
इस तरह पहचाने कोरोना वायरस
{सामान्य लक्षण: बुखार, जुकाम, खांसी और कफ, मांसपेशियों में दर्द, कमजोरी।
{ संक्रमित होने पर: तेज बुखार, तेज सिर दर्द, सांस का फूलना, फेफड़ों में सूजन, किडनी फेल।
दक्षिण से पहुंची ट्रेन से उतरकर बाहर आते यात्री, जिसमें अधिकांश ने मास्क नहीं लगा रखा है।