- Hindi News
- National
- Korba News Chhattisgarh News Now Korba Residents Will Also Be Able To Taste Chhattisgarhi Cuisine
अब कोरबावासी भी ले सकेंगे छत्तीसगढ़ी व्यंजनों का स्वाद
कोरबा| जिला मुख्यालय में छत्तीसगढ़ी व्यंजनों का सुसज्जित रेस्टोरेंट स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। आने वाले दो महीनों में चैापाटी के नवनिर्मित परिसर में सुसज्जित गढ़कलेवा केन्द्र शुरू होने की उम्मीद है। कलेक्टर किरण कौशल ने शुक्रवार चैापाटी के नवनिर्मित परिसर में गढ़कलेवा केन्द्र की स्थापना के लिए मौका निरीक्षण किया और नगर निगम के अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। इस दौरान नगर निगम के अपर आयुक्त अशोक शर्मा भी मौजूद रहे। आने वाले दो महीनों में गढ़कलेवा को शुरू करने का लक्ष्य निर्धारित कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। चौपाटी स्थित नए परिसर में इसके लिए जगह का चिन्हांकन कर लिया गया है। गढ़कलेवा खुल जाने से एक ओर कोरबावासियों को छत्तीसगढ़ी व्यंजनों का स्वाद तो मिल पाएगा। दूसरी ओर स्थानीय महिला समूहों को रोजगार के अवसर भी मिलेगा। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सभी जिला मुख्यालयों में राजधानी रायपुर की तर्ज पर छत्तीसगढ़ी व्यंजनों के लिए प्रसिद्ध गढ़कलेवा रेस्टोरेंट शुरू करने कहा है। इस गढ़कलेवा केन्द्र में छत्तीसगढ़ के पारंपरिक व्यंजनों खुरमी, ठेठरी, फरहा, गुजिया, अंगाकर रोटी, चीला, कढ़ी, अनरसा, भोभरा जैसे स्वादिष्ट स्थानीय व्यंजनों का स्वाद चखने का मौका कोरबा वासियों को मिल पाएगा। छत्तीसगढ़ी व्यंजनों को ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ शहरी क्षेत्रों में भी लोकप्रिय करने का यह गढ़कलेवा रेस्टोरेंट विशेष केन्द्र होंगे।