कोरबा|धान खरीदी के तीसरे दिन किसान अब केन्द्रों में पहुंचने लगे हैं। मंगलवार को 3375.60 क्विंटल धान की खरीदी की गई। जिसमें 2194.40 क्विंटल मोटा, 40 क्विंटल महामाया, 422 क्विंटल पतला व 718.80 क्विंटल सरना शामिल है। साथ ही बुधवार को धान बेचने के लिए 32 केन्द्रों पर 151 किसानों ने 5953.4 क्विंटल धान बेचने के लिए टोकन कटवाया है। इस साल 15 दिन विलंब से धान खरीदी शुरू होने के कारण शुरुआत में ही तेजी आ गई है। जिले में 27 सहकारी समितियों के 42 केन्द्रों में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की जा रही है। नोडल अधिकारी एके जोशी ने बताया कि टोकन के आधार पर ही केन्द्रों में खरीदी की जा रही है। इस बार पटवारी से सत्यापन के बाद ही टोकन काटने कहा जा रहा है। इसकी वजह से किसान परेशान भी हैं। सप्ताह में सोमवार से शुक्रवार तक ही खरीदी की जाएगी। शनिवार व रविवार को अवकाश रहेगा। सबसे अधिक धान की आवक चिकनीपाली, तुमान, छुरीकला, जटगा, जवाली, पोड़ी, भैंसमा, नवापारा रामपुर, सुखरीकला उमरेली, कोथारी, सोहागपुर, हरदीबाजार, कोरबी में है।