- Hindi News
- National
- Korba News Chhattisgarh News Road Deteriorated Due To Heavy Vehicles Yet Administration Is Not Paying Attention Dewangan
भारी वाहनों से रोड खराब फिर भी प्रशासन नहीं दे रहा ध्यान: देवांगन
छुरी से कटघोरा-पाली नेशनल हाईवे की हालत खराब होने से लोग परेशान हैं। भाजपा ने सड़क नवीनीकरण की मांग को लेकर 17 मार्च को आंदोलन की तैयारी शुरू कर दी है। पूर्व संसदीय सचिव लखनलाल देवांगन का कहना है कि बारिश की वजह से सड़कें गायब हो गई हैं। इसके बाद भी प्रशासन ध्यान नहीं दे रहा है। 15 दिन के भीतर सड़क मरम्मत की मांग की गई थी, लेकिन अब तक कोई सकारात्मक पहल नहीं हुई है। छुरी में बैठक में आंदोलन की रणनीति बनाई गई।
जिले की बदहाल सड़क की स्थिति से हर वर्ग के लोग परेशान हैं। शहर से उपनगरीय क्षेत्र को जोड़ने वाले मार्ग हो या कोरबा-चांपा, कोरबा-छुरी- कटघोरा, पाली-बिलासपुर मार्ग, कोरबा-कुसमुंडा सभी मार्ग जर्जर हो चुकी है। भारी वाहनों की 24 घंटे आवाजाही से सड़क में बड़े- बड़े गड्ढे हो गए हैं और गिट्टी उखड़ गई है। भाजपा ने भी सड़क को लेकर मोर्चा खोल दिया है। सड़क के नवीनीकरण कराने समेत अन्य मांग को लेकर भाजपा ने 17 मार्च को सुबह 11 बजे छुरी बस स्टैंड के पास चक्काजाम, धरना-प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है। बैठक में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने आंदोलन में भाग लेने पर सहमति जताई।
बैठक में उपस्थित लखनलाल देवांगन के साथ जनप्रतिनिधि।
कांग्रेस की चेतावनी पर आश्वासन, नहीं हुआ काम
कांग्रेस ने पाली में सड़क को लेकर चक्काजाम किया था। सवा घंटे बाद प्रशासन ने सड़क मरम्मत कराने का आश्वासन दिया, तब आंदोलन खत्म हुआ। इसके बाद कटघोरा व कुसमुंडा में युवा कांग्रेस ने आंदोलन की चेतावनी देते हुए प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। कुसमुंडा युकां को अपर कलेक्टर ने जल्द सड़क मरम्मत कराने का आश्वासन दिया, तो दूसरी ओर कटघोरा में तहसीलदार ने दो दिन के भीतर सड़क मरम्मत कराने का आश्वासन देकर आंदोलन स्थगित करा दिया था। उधर कुसमुंडा में पार्षद अमरजीत ने कुसमुंडा से इमलीछापर तक फोरलेन सड़क बनाने की मांग लेकर आंदोलन की चेतावनी दी थी। इस पर एसईसीएल कुसमुंडा प्रबंधन ने सड़क निर्माण के लिए मुख्यालय स्तर पर राशि जारी करने की जानकारी दी। इसके बाद कांग्रेस ने आंदोलन स्थगित कर दिया था, लेकिन अब तक मरम्मत का काम शुरू ही नहीं हुआ है।