- Hindi News
- National
- Korba News Chhattisgarh News The Issue Of Regularization Of Contract Employees And Cash Less Will Be Discussed In The Next Board Meeting
संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण और कैश लेस के मुद्दे पर बोर्ड की अगली बैठक में होगी चर्चा
छत्तीसगढ़ बिजली कर्मचारी महासंघ के चरणबद्ध आंदोलन के बीच कंपनी चेयरमैन शैलेंद्र कुमार शुक्ला ने 10 सूत्रीय मांगों को लेकर कंपनी मुख्यालय में शुक्रवार को द्विपक्षीय वार्ता के लिए आमंत्रित किया था। बैठक में कई मुद्दों पर सहमति बनी है।
इसमें संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण और बिजली कंपनी के कर्मचारियों के लिए कैश लेस मेडिकल सुविधा के मामले पर अगले माह बोर्ड की बैठक में मामला लाने का निर्णय लिया गया है। संगठन की मांग पर सेवानिवृत्त कोयला कर्मचारियों के लिए भी मेडिकल सुविधा पर त्वरित निर्णय लिया जाएगा। इसके लिए महासंघ से सुझाव मांगा है। आउटसोर्सिंग व ठेका कर्मचारियों को बीते कई माह से वेतन भुगतान नहीं किए जाने की शिकायत पर कंपनी के चेयरमैन ने इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। सभी मामलों का परीक्षण कराने भी कहा है। क्षेत्रीय स्तर पर प्रबंधन, महासंघ व ठेकेदारों के मध्य जल्द त्रि-पक्षीय वार्ता करने कहा है। तकनीकी व कार्यालयीन कर्मचारियों के खाली पदों को अपग्रेड किए जाने में मामले में जेनरेशन, ट्रांसमिशन व वितरण कंपनी के एचआर विभाग की ओर से देरी पर नाराजगी जताई। इसके अलावा आईटीआई योग्यताधारी कर्मचारियों को प्लांट सहायक 2 ग्रेड बनाने के लिए एक समान नीति बनाने का की मांग रखी गई। एनपीएस में प्रबंधन का अंशदान 14 प्रतिशत करने, अंबिकापुर, रायगढ, कांकेर क्षेत्र में मेडिकल सुविधा प्रदान करने, भू-विस्थापित कर्मचारियों के वेतन पुनरीक्षण, संविदा से नियमित हुए कर्मचारियों की संविदा अवधि को सेवाकाल में जोड़ने की मांग रखी गई। इस पर विचार करने का आश्वासन दिया है। बैठक में प्रबंधन की ओर से चेयरमैन के अलावा एच के पांडेय जीएमएचआर होल्डिंग कंपनी, रविन्द्र पाठक, पी सी पारधी, रमेश कुमार राव, श्याम फाड़नवीश, पंकज सिंह, अल्पना तिवारी व अन्य उपस्थित रहे। वहीं महासंघ कि ओर से महामंत्री भारतीय मजदूर संघ राधेश्याम जायसवाल, एस के मजूमदार कार्यकारी अध्यक्ष, हरीश चौहान आदि उपस्थित रहे।
चेयरमैन के साथ वार्ता में उपस्थित महासंघ के पदाधिकारी।