- Hindi News
- National
- Korba News Chhattisgarh News The Rains Flowed In The Rains And Filled The Pass Barrage
बारिश में राखड़ बहकर दर्री बराज में भरने लगी
हसदेव दर्री बरॉज के डूबान में धनुहारपारा के निकट राखड़ पाटकर ऊपर में मिट्टी डालने का मामला अब तक उलझा है। सिंचाई विभाग के अधिकारी जांच का दावा तो कर रहे हैं, लेकिन अब तक मौके पर नहीं पहुंचे हैं। शुक्रवार रात तेज बारिश के बाद राखड़ बहकर दर्री बरॉज में चला गया। आने वाले बारिश के मौसम में राखड़ के धंसने का खतरा बना है।
दर्री बराॅज का डूबान पर अतिक्रमण होते जा रहा है। एचटीपीपी पॉवर प्लांट से निकलने वाले राखड़ को बरॉज के डूबान एरिया में डंप कर दिया गया। लगभग 7 एकड़ क्षेत्र में लाखों टन राखड़ पाटकर ऊपर मिट्टी की परत बिछा दी गई है। धनुहार पारा के लोगों ने इसका विरोध किया था। राखड़ बरॉज के पानी में मिलने से प्रदूषित होगा। राखड़ डालते समय बिजली उत्पादन कंपनी के अधिकारी भी मौजूद थे, लेकिन विरोध के बाद भी किसी ने ध्यान नहीं दिया। हसदेव दर्री बरॉज के अधिकारियों ने भी इसे रोकने गंभीरता नहीं दिखाई। जिसकी वजह से बारिश होते ही राखड़ डैम में समाने लगा है। एक बड़ा हिस्सा धंस गया है। जल संसाधन विभाग के प्रमुख अभियंता जयन पवार ने मामले की जांच करने की बात कही है, लेकिन अभी तक जांच टीम ही नहीं बनी है।
विधायक कंवर ने की मुख्य सचिव से चर्चा
रामपुर विधायक ननकीराम कंवर ने दर्री बरॉज के डूबान एरिया में राखड़ पाटने के मामले को गंभीर बताया है। विधायक प्रतिनिधि अनिल चौरसिया ने विधायक को समस्या से अवगत कराया था। इसके बाद विधायक ने मुख्य सचिव आरपी मंडल को इस मामले में चर्चा की है। विधायक का कहना है कि राखड़ से पूरा शहर ही प्रदूषित है। अब दर्री बरॉज के डूबान एरिया में राखड़ पाटने से भराव क्षमता कम हो जाएगी। मुख्य सचिव ने मामले में जांच की बात कही है।