- Hindi News
- National
- Korba News Chhattisgarh News The Thieves Broke Into A Bank And Broke The Lock In Another Could Not Reach The Cash Took The Computer And Led
चोरों ने एक बैंक में सेंध लगाई और दूसरी में ताला तोड़ा नकदी तक नहीं पहुंच सके, कंप्यूटर और एलईडी ले गए
जिले में चोरी, लूट व उठाईगिरी की घटनाएं लगातार होने के बाद एसपी जितेंद्र सिंह मीणा अफसरों और थाना-चौकी प्रभारियों को बैंक समेत वित्तीय लेनदेन करने वाले संस्थानों की निगरानी का निर्देश दे रहे हैं।
गुरुवार देर शाम को भी उन्होंने वाट्सएप पर पुलिस को सजगता के साथ गश्त करते हुए इस प्रकार के अपराधों की रोकथाम के लिए निर्देश दिए थे। इसके बाद भी बालको पुलिस सोती रही और नगर के दो बैंक को चोर गिरोह ने निशाना बनाया।
थाने से महज 5 सौ मीटर पर मुख्य मार्ग के किनारे स्थित स्टेट बैंक के ब्रांच में पीछे की ओर से दीवार में सेंध मारकर अंदर घुसे चोरों ने नकदी नहीं मिलने पर एलईडी व कम्प्यूटर पार कर दिया। भागते समय मॉनीटर-सीपीयू छोड़कर वे एलईडी ले गए। इसी तरह थाने से 2 किलोमीटर पर छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक का ताला तोड़कर अंदर घुसे चोर लॉकर नहीं तोड़ सके। घटना की सूचना पर पुलिस अफसरों ने दोनों घटनाओं की मौके पर पहुंचकर पड़ताल की। वहीं डॉग की मदद ली गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। एक ही रात में चंद घंटे के भीतर दो बैंक में चोरी का प्रयास से साफ है कि वारदात के पीछे एक ही गिरोह का हाथ है। भले ही दोनों बैंक में चोर नकदी तक पहुंचने में असफल रहे लेकिन उनके दुस्साहस ने नगर में पुलिस गश्त के साथ ही बैंक सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। पुलिस दोनों मामले में जांच कर रही है। फिलहाल इन वारदात से शहर में पुलिस गश्त की पोल जरूर खुल गई है।
गश्त पाइंट, लेकिन नजर नहीं आती है पुलिस
स्टेट बैंक में जहां चोरी का प्रयास हुआ वह सेक्टर-5 चौक पर स्थित है। पास ही सहकारी बैंक, पोस्ट ऑफिस, एसबीआई व आईसीआईसीआई बैंक का एटीएम है। सामने व्यवसायिक कॉॅम्प्लेक्स और रिहायशी क्षेत्र भी है। पीछे बालको का जीईटी हॉस्टल है। ऐसे में सुरक्षा के नजरिए से उक्त स्थान संवेदनशील है। पुलिस का गश्त पाइंट भी वहां है, लेकिन बैंक के सुरक्षा कर्मियों के अनुसार रात में पुलिस जवान वहां नजर नहीं आते हैं।
2 बैंक में चोरी का प्रयास, जांच की जा ही है : डीएसपी
डीएसपी रामगोपाल करियारे ने बताया कि बालको नगर के दो बैंक में चोरी का प्रयास किया गया। स्टेट बैंक में वेटिंग हाल तक पहुंचे चोरों ने सीपीयू और मॉनीटर निकाला था, जिसे बाहर छोड़कर भागे। दोनों ही बैंक में चोर नकदी तक पहुंचने में असफल रहे। दोनों मामले में विवेचना की जा रही है।
बालकोनगर में थाने से 5 सौ मीटर पर एसबीआई व 2 किमी पर ग्रामीण बैंक को बनाया निशाना
स्टेट बैंक जहां चोरी हुई।
ढाई साल पहले भी हुआ था चोरी का प्रयास
स्टेट बैंक के बालको ब्रांच में ढाई साल पहले मई 2017 में भी चोरी का प्रयास हुआ था। तब चोर बैंक के पीछे लगे टॉवर पर चढ़कर छत पर पहुंचे थे। जहां लगी सीट को तोड़कर अंदर पहुंचे चोरों ने स्ट्रांग रूम को तोड़ने का प्रयास किया था, लेकिन सफल नहीं होने पर वे भाग निकले थे। बैंक के सीसीटीवी में दो लोग दिखे थे, लेकिन आज तक वे नहीं पकड़े गए। इत्तफाक यह है कि वह घटना भी गुरुवार रात हुई थी।
बैंक के अंदर था सशस्त्र गार्ड, उसको भनक नहीं
स्टेट बैंक के ब्रांच मैनेजर दशरथ मुंडारी ने बताया कि बैंक सुरक्षा के लिए दो सशस्त्र गार्ड तैनात हैं। जो पारी-पारी में 24 घंटे सुरक्षा के लिए तैनात रहते हैं। गुरुवार रात वहां तैनात गार्ड बुधेश्वर सिंह मरकाम ने बताया कि वह रात बैंक में लॉकर व नकदी रकम रहती है, वहां तैनात था। जबकि चोरों ने दूसरे हिस्से में सेंध लगाई है। उस ओर दरवाजा व शटर लगे होने के साथ ही रात में बारिश की वजह से तोड़फोड़ की आवाज नहीं सुनाई दी। बैंक में नकदी रकम सुरक्षित है।
इस तरह दीवार में लगाई गई सेंध।
सीसीटीवी में दिखे चोर घंटेभर बैंक में रहे
स्टेट बैंक में लगे सीसीटीवी में सेंध मारकर घुसे 3 चोरों की वीडियो वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। तीनों ने चेहरे पर नकाब लगा रखा था, उनकी उम्र 35-40 के आसपास लग रही है। रात करीब एक बजे बैंक में घुसे चोर घंटेभर नकदी खोजते रहे। जब नकदी नहीं मिली तो एलईडी समेत दो कम्प्यूटर (मानीटर-सीपीयू) उठा ले गए। हालांकि भागते समय उन्होंने माॅनीटर-सीपीयू कुछ दूरी पर फेंक दिया।
गार्ड बुधेश्वर
तरह थाने से 2 किलोमीटर पर छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक का ताला तोड़कर अंदर घुसे चोर लॉकर नहीं तोड़ सके। घटना की सूचना पर पुलिस अफसरों ने दोनों घटनाओं की मौके पर पहुंचकर पड़ताल की। वहीं डॉग की मदद ली गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। एक ही रात में चंद घंटे के भीतर दो बैंक में चोरी का प्रयास से साफ है कि वारदात के पीछे एक ही गिरोह का हाथ है। भले ही दोनों बैंक में चोर नकदी तक पहुंचने में असफल रहे लेकिन उनके दुस्साहस ने नगर में पुलिस गश्त के साथ ही बैंक सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। पुलिस दोनों मामले में जांच कर रही है। फिलहाल इन वारदात से शहर में पुलिस गश्त की पोल जरूर खुल गई है।