- Hindi News
- National
- Korba News Chhattisgarh News This Time Two Women Patrolling Teams In Holi Security Also Soldiers Will Reach The Streets By Bike
इस बार होली सुरक्षा में दो महिला पेट्रोलिंग टीम भी, बाइक से गलियों तक पहुंचेंगे जवान
होली में किसी तरह की अशांति न हो और शांति के साथ लोगों के जानमाल की सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे इसके लिए 50 पेट्रोलिंग टीम गठित करके लगभग 1 हजार पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। जिले में रविवार को ही पुलिस ने फ्लैग मार्च किया था।
वहीं सोमवार को पेट्रोलिंग टीमों को उनके कार्य क्षेत्र के लिए रवाना किया गया। सभी थाना-चौकी को जरूरत के अनुसार पेट्रोलिंग पार्टी उपलब्ध कराया गया है। जिले में पहली बार होली के दौरान शहरी क्षेत्र में महिला सुरक्षा के लिए अलग से महिला पुलिस बल की 2 पेट्रोलिंग टीम गठित की गई है। थाना-चौकी क्षेत्र में स्थानीय बल के अलावा पेट्रोलिंग टीम अलग से सुरक्षा व्यवस्था संभाल रही है। होली सुरक्षा के लिए पुलिस मुख्यालय द्वारा बांगो बटालियन से 55 अतिरिक्त जवान उपलब्ध कराया गया है। पेट्रोलिंग में उनकी ड्यूटी भी ली जा रही है।
कानून व्यवस्था के लिए रिजर्व बल व पेट्रोलिंग पार्टी
होली के दौरान शांति व सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस लाइन समेत थाना-चौकी के साथ ही कार्यालय के बल को भी ड्यूटी पर लगाया गया है। लॉएंड आर्डर के लिए तीनों अनुविभाग में इंस्पेक्टर के नेतृत्व में 10-10 जवानों की टीम को रिजर्व में रखा गया है। इसी तरह 1-1 पेट्रोलिंग टीम भी रिजर्व में है। आगजनी की घटना से निपटने के लिए नगर सेना समेत सभी निकाय व औद्योगिक उपक्रमों के फायर ब्रिगेड को अलर्ट रखा गया है।
शहर में 38 फिक्स पाइंट, 15 पेट्रोलिंग टीम मौजूद
शहर में होली सुरक्षा के लिए सिटी कोतवाली समेत रामपुर, सीएसईबी व मानिकपुर क्षेत्र में कुल 38 फिक्स पाइंट बनाया गया है। जहां पुलिस जवानों को तैनात किया गया है। इसके अलावा पुलिस लाइन से 15 पेट्रोलिंग टीम उपलब्ध कराई गई है। सबसे अधिक 16 फिक्स पाइंट सिटी कोतवाली क्षेत्र में है। चार पहिया में पेट्रोलिंग टीम जहां सड़कों पर घूमते हुए हुल्लड़ मचा रहे लोगों को पकड़कर कार्रवाई करेगी। तो बाइक में तंग गलियों तक भी जवान पहुंचेंगे।