चोरी की दो बाइक के साथ 5 गिरफ्तार
जूटमिल क्षेत्र में खड़े वाहनों से बैटरी तथा नाली निर्माण में लगी सेटरिंग प्लेट की चोरी करने के मामले में पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में 2 अपचारी बालक व 3 युवक शामिल हैं। पकड़े गए आरोपियों के पास से चोरी की दो बाइक जब्त हुईं हैं।
गोगा मंदिर राइस मिल जूटमिल निवासी विशाल जैन पिता गुलाब चंद्र जैन ने जूटमिल थाने में चोरी की शिकायत की थी। उसने शिकायत में बताया कि वह ठेकेदारी का काम करते हैं। वर्तमान में मिट्ठूमुड़ा में नाली बनवा रहे हैं। बीते 2 मार्च को अज्ञात चोर 11 नग सेटरिंग प्लेट चोरी कर ली हैं। पुलिस मामला दर्जकर चोरों की तलाश कर रही थी। शुक्रवार को उसे सूचना मिली कि मिठ्ठूमुड़ा के कुछ लोग चोरी की वारदातों को अंजाम देते है। इस पर पुलिस ने मिट्ठूमुड़ा सारथी मोहल्ला में रहने वाले गणेश सारथी उर्फ मनीष सारथी पिता हरीश सारथी को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने पुलिस के सामने साथियों के साथ मिलकर
सेटरिंग प्लेट की चोरी करना कबूल लिया। कड़ी पूछताछ के आधार पर पुलिस ने उसके मोहल्ले के प्रदीप उर्फ लाला सारथी पिता शंकर सारथी, शिवा सारथी पिता मनोज सारथी और दो अपचारी बालको के पास से 11 नग सेटरिंग प्लेट बरामद कर ली। पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि वह पूर्व में ट्रांसपोर्टनगर के पास खड़ी वाहनों से तीन नग बैटरी चोरी किए थे। गणेश सारथी ने शिवा सारथी और अपचारी बालक के साथ बैकुंठपुर में होंडा एक्टिवा सीजी13एच-2810 तथा एक बाइक पैशन प्रो ब्लैक कलर चोरी करना कबूल की है।