घरघोड़ा रेंज के जंगल से धरमजयगढ़ के छाल पहुंचा छह हाथियों का दल
तीन दिन तक वन कर्मियों की नींद उड़ाने वाला छह हाथियों का दल अब घरघोड़ा के गुर्दा बीट से धरमजयगढ़ रेंज में प्रवेश कर गया है। सुबह तक हाथी गुर्दा बीट में डटे हुए थे।
शाम होते ही वे छाल रेंज के पुसल्दा, कटाईपाली बीट में पहुंच गए। क्षेत्र के गजराज दल के कर्मचारी हाथियों के मूवमेंट ट्रैक कर रहे हैं। साथ ही इस बीच के सभी गांव में मुनादी कर लोगों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। अपने झुंड से बिछड़ने के बाद छह हाथियों को दल 15 दिनों से छाल, घरघोड़ा और रायगढ़ रेंज का चक्कर लगा रहा है। उर्दना कृष्णापुर में वे एक सप्ताह से ज्यादा समय तक डटे रहे। इसके बाद घरघोड़ा रेंज में आ गए। 9 मार्च की शाम को वापस लौटे और विचरण करते हुए 10 मार्च को परसदा के रास्ते खरसिया रेंज में प्रवेश कर गए। हाथी बायंग और नंदेली के नजदीक तक पहुंचे थे। किसी तरह वन कर्मियों ने हाथियों को घरघोड़ा के गुर्दा बीट में तरफ खदेड़ा। अब ये धरमजयगढ़ के छाल रेंज में घुस गए हैं।