कमेटी ने सौंपी रिपोर्ट, केआईटी में ही खुलेगी यूनिवर्सिटी
नंदकुमार पटेल यूनिवर्सिटी केआईटी की बिल्डिंग में ही खुलेगी। यूनिवर्सिटी की स्थापना के लिए बनी कमेटी ने इसकी रिपोर्ट तैयाकर शुक्रवार को नवा रायपुर स्थित मंत्रालय में उच्च शिक्षा सचिव अलरमेल मंगई डी को सौंप दी है। कमेटी ने कॉलेज परिसर में पर्याप्त जगह होने की वजह से उसके भवन में यूनिवर्सिटी खोलने के लिए उचित स्थल माना है।
गुरुवार को केजी कॉलेज के हॉस्टल और कॉलेज बिल्डिंग का निरीक्षण अपर आयुक्त चंदन त्रिपाठी ने कमेटी के सदस्यों के साथ किया था। उस दौरान केआईटी कॉलेज बिल्डिंग में ही विश्वविद्यालय खोलने के लिए कमेटी के सदस्य राजी हो गए। कमेटी से रिपोर्ट मिलने के बाद उच्च शिक्षा सचिव ने कहा कि स्थापना को लेकर उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल से चर्चा करने के बाद ही स्थल को मंजूरी दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि कि अप्रैल से विश्वविद्यालय में एडमिशन का प्रोसेस शुरू हो जाएगा। विश्वविद्यालय की जगह तय होने और स्थापना को लेकर जरूरी इंतजाम पूरा करने के बाद राज्य सरकार कुलपति की नियुक्ति का विज्ञापन निकालेगी। रजिस्ट्रार की भी नियुक्ति राज्य सरकार करेगी।
बैठक में यह भी चर्चा हुई हैं कि विश्वविद्यालय स्थापना के लिए एसडीएम जमीन की तलाश करें और उसकी जानकारी उन्हें दें। जमीन खाेजने का काम रायगढ़, खरसिया के एसडीएम को सौंपा जाएगा। विश्वविद्यालय की स्थापना को लेकर कम से कम 100 एकड़ जमीन की जरूरत है। इसकी भी रिपोर्ट फिर उच्च शिक्षा सचिव और मंत्री को भेजी जाएगी। बैठक में उच्च शिक्षा सचिव अलरमेल मंगई डी ने अप्रैल से नई विश्वविद्यालय का काम किसी भी हालत में शुरू कर देने की बात कही है। इसमें कुलपति और रजिस्ट्रार की नियुक्ति होने के बाद कर्मचारियों को प्रतिनियुक्ति पर यहां पर पोस्टिंग दी जाएगी। इसमें कॉलेजों के साथ अटल विश्वविद्यालय और कुछ दूसरे विश्वविद्यालय के कर्मचारियों और अधिकारियों को भी विश्वविद्यालय स्थापना के कार्यों के लिए नियुक्त किया जाएगा।