जेईई मेन के लिए 12 तक कर सकेंगे आवेदन, अप्रैल में होगी परीक्षा
देश के 23 आईआईटी, 31 एनआईटी, 23 ट्रिपल आईटी सहित जीएफटीआई पर प्रवेश परीक्षा के लिए छात्रों के पास अब 12 मार्च तक दूसरा मौका है। जेईई मेन अप्रैल में होने वाली परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 12 मार्च को समाप्त हो जाएगी।
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने देश के इंजीनियरिंग कॉलेजों में दाखिले के लिए ली जाने वाली जेईई मेन के आवेदन करने की तारीख बढ़ा दी है। अब उम्मीदवार 12 मार्च तक आवेदन कर सकते हैं। इससे पहले ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 6 मार्च निर्धारित की गई थी। एनटीए ने यह बदला हुआ शेड्यूल जारी कर दिया है। नए शेड्यूल के मुताबिक अब आवेदन में सुधार 13 से 16 मार्च तक कराया जा सकेगा। ऑनलाइन एग्जाम 5, 7, 9 और 11 अप्रैल को होगा। रिजल्ट 30 अप्रैल को जारी होगा। जेईई मेन जनवरी और जेईई मेन अप्रैल के एनटीए के आधार पर रैंक लिस्ट जारी होगी। जेईई मेन में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्रों को जेईई एडवांस में बैठने का मौका मिलेगा। 2.50 लाख अभ्यर्थियों का चयन जेईई एडवांस के लिए होगा। अप्रैल जेईई मेन 2020 परीक्षा के बाद दोनों के स्कोर के आधार पर रैंकिंग तय की जाएगी। जेईई एडवांस परीक्षा का ब्रोशर भी जारी कर दिया गया है। ब्रोशर को स्टूडेंट्स आधिकारिक वेबसाइट jeeadv.ac.in पर देख सकते हैं।