होली की नाकेबंदी में अवैध शराब के साथ एक गिरफ्तार
होली पर्व पर शराब बंदी होने के कारण कोचिए औने पौने दामों में शराब बिक्री को लेकर स्टाक कर रहे हैं। इसी की सूचना पर जूटमिल चौकी पुलिस ने एक ढाबे के पास से घेराबंदी कर 48 पौवा शराब के साथ एक युवक आबकारी एक्ट के तहत गिरफ्तार किया है।
शराब बंदी को लेकर कोचियों ने अवैध ढंग से शराब का स्टाक करना शुरू कर दिया है। इनमें शहर के कई होटल और ढाबे भी शामिल हैं। रविवार को शराब स्टाक की सूचना पर जूटमिल चौकी पुलिस ने श्रवण ढाबे के पास नाकेबंदी कर दी। तभी एक युवक प्लास्टिक की बोरी के साथ आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोक कर तलाशी ली तो बोरी में शराब की बोतलें थीं। पूछताछ में युवक शराब के बारे में सही जानकारी नहीं दे सका। उसने बताया कि वह होली पर शराब बंदी होने के कारण स्टाक कर रहा था। जिसे वह होटल और ढाबों में औने पौने दामों पर बेचता था। पकड़े गए युवक ने अपना नाम महेश केवट पिता चन्द्र शेखर केवट निवासी आदर्श नगर चमड़ा गोदाम बताया है। टीआई अंजना केरकेट्टा ने बताया कि युवक के पास से 48 पौवा अंग्रेजी शराब कीमती 3840 रुपए बरामद हुई है। जिसके खिलाफ आबकारी एक्ट की कार्रवाई की गई है ।