खेलने के लिए घर आई 10 साल की बच्ची से सहेली के पिता ने किया दुष्कर्म, गिरफ्तार
छोटे भाइयों को लेकर पड़ोस में गई 10 वर्षीय बालिका के साथ युवक द्वारा दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। घटना किरोड़ीमलनगर की है। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई की और आरोपी को जेल भी भेज दिया लेकिन दूसरे प्रदेश से काम करने आई पीड़िता की मां के आग्रह पर पुलिस ने इसकी जानकारी गोपनीय रखी।
पीड़िता गरीब परिवार की है और उसकी मां को डर है कि मामले ने ज्यादा तूल पकड़ा तो आरोपी के परिजन उसे कस्बा छोड़ने पर मजबूर कर देंगे। आरोपी और परिजनों ने पीड़ित युवती को यह बात किसी को नहीं बताने की बात कही थी। बच्ची की सेहत बिगड़ी तो पूरे मामले का खुलासा हुआ। पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर शनिवार को ही आरोपी को गिरफ्तार किया था। जानकारी के अनुसार 5 मार्च को 10 वर्षीय मासूम अपने दो छोटे भाइयों को लेकर मनहरण पटेल के घर गई थी।
मनहरण की बेटी बाहर की तरफ गई थी। पीड़िता अपने छोटे भाइयों और बाकी बच्चों के साथ इंतजार कर रही थी। तभी मनहरण उसके छोटे भाइयों को मोबाइल देकर खेलने के लिए दूसरे कमरे में भेज दिया। बाकी बच्चों के जाने के बाद उसने लाइट बंद कर छेड़छाड़ करने लगा। बच्ची ने शोर मचाया तो मनहरण ने उसका मुंह दबाकर दुष्कर्म किया।
सहेली को बता रही थी दर्द मां ने सुना तो थाने पहुंची
पीड़ित मासूम ने अपने परिजनों को बताया कि घटना के बाद आरोपी की 17 वर्षीय बेटी उसके साथ हुई घटना और बर्ताव को लेकर घर में शिकायत न करने का दबाव बना रही थी। शुक्रवार की शाम को बच्ची की सेहत बिगड़ी तो वह घर के बाहर खड़ी अपने एक सहेली से आपबीती सुना रही थी। पीड़िता की मां ने उसकी बातें सुन लीं और बेटी से पूछताछ की। पूरी घटना का खुलासा होने के बाद मामला थाने तक पहुंचा।
पीड़िता के परिवार पर चुप रहने का दबाव
10 वर्षीय बालिका के साथ दुराचार करने वाले आरोपी मनहरण पटेल की कुछ रसूखदारों के अलावा कांग्रेसी नेताओं से अच्छी पहचान है। कोतरा रोड पुलिस के निचले कर्मचारी मनहरण को पकड़ने से घबरा रहे थे। पीड़िता के परिवार पर भी एफआईआर दर्ज नहीं कराने के लिए कुछ लोगों द्वारा दबाव बनाए जाने की भी बात कही जा रही है। जब मामला पुलिस के बड़े अफसरों तक पहुंचा तो तुरंत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए गए।