ओवरब्रिज बनने में बाधा ना आए इसलिए निर्माणाधीन क्वार्टर्स का काम रोका
चक्रधर नगर चौक के रेलवे ओवरब्रिज में न्यायिक अफसरों के लिए बन रहे क्वार्टर बीच में ना आ जाएं, इसके लिए सोमवार को पीडब्ल्यूडी और सेतु मंडल के अफसरों ने क्वार्टर का काम रुकवा दिया है। चक्रधर नगर चौक में रेलवे ओवरब्रिज बनाया जाना है। इसे तीन वर्षों पहले बजट में शामिल किया गया था, लेकिन दो वर्षों में काम शुरू नहीं होने की वजह से इसे फिर बजट से हटा दिया गया। यह ओवर ब्रिज पॉलीटेक्निक कॉलेज से शुरू होकर फारेस्ट ऑफिस के आगे उतरेगा। इसमें अंबेडकर चौक के पीछे न्यायिक अफसरों के लिए बन रहे क्वार्टर ओवर ब्रिज की जद में आएंगे। होली के बाद फिर सर्वे कराया जाएगा।
रेलवे ने सेतु मंडल को पत्र लिख जल्द काम शुरू करने के लिए कहा - पीडब्ल्यूडी सेतु मंडल के अफसरों ने बताया कि रेलवे अभी चौथी लाइन का काम कर रही है, इस काम के बाद रेलवे सभी रेलवे क्रॉसिंग को बंद करना चाह रही है। इसमें रेलवे ओवरब्रिज बनाना चाह रही है, रेलवे के अफसरों ने पीडब्ल्यूडी सेतु मंडल और राज्य सरकार को भी कुछ दिनों पहले पत्र लिख रेलवे क्रासिंग पर ओवरब्रिज का काम जल्द शुरू करने के लिए कहा है। शहर में भी लगातार ट्रैफिक का बोझ बढ़ने के साथ चक्रधर नगर चौक रेलवे क्रॉसिंग का फाटक अधिकांश समय बंद रहता है।