दशकर्म में आए कार सवारों को बच्चा चोर समझ ग्रामीणों ने पीटा
दशकर्म में शामिल होने के लिए स्कार्पियो से सेमी भंवर जा रहे युवकों को बच्चों से रास्ता पूछना मंहगा पड़ गया। चिथली गांव के ग्रामीणों ने उन्हें बच्चा चोर समझ जमकर
धुनाई कर दी।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों युवकों को ग्रामीणों से छुड़ा कर थाने लाई। जिसके बाद पुलिस को उनके दशकर्म में शामिल होने के बाद वापस सामान लेने के लिए बाजार आने की बात पता चली। सोमवार को कोरबा निवासी राजेश कंवर और किशन चौहान स्कार्पियो से पुसौर थाना क्षेत्र के सेमी भंवर दशकर्म में शामिल होने के लिए आए थे। यहां पहुंचने पर रिश्तेदारों ने उनके पास गाड़ी होने के कारण उन्हें चंद्रपुर से दशकर्म का सामान लाने के लिए कह दिया। वह दोनों चंद्रपुर सामान लेने के बाद वापस सेमी भंवर जा रहे थे। चिथली गांव के सामने पहुंचने पर उक्त लोगों ने सड़क पार कर रहे बच्चों को देख गाड़ी रोक दी और इसी दौरान किशन गाड़ी से उतर कर बच्चों से चंद्रपुर जाने के लिए रास्ता पूछने लगा। बच्चों के पास स्कार्पियो सवारों को देख ग्रामीणों ने बच्चा चोर समझ शोर मचा दिया और उनकी पिटाई करनी शुरू कर दी। ग्रामीणों ने युवकों की जमकर धुनाई करने के बाद डायल 112 पर फोन कर पुसौर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने गाड़ी सहित दोनों को थाने लेकर आई है। थाना प्रभारी ने बताया कि पूछताछ की जा रही है, अभी दशकर्म में शामिल होने की बात सामने आई है। कार से कुछ लाठी डंडे व धारदार हथियार (तलवार) मिले हैं। युवक कोरबा से किसके यहां और क्यों आए थे, इसके पता लगाकर कार्रवाई की जाएगी।