युवक की टंगिये से कर दी हत्या, आरोपी फरार
होली के एक दिन पहले तेंदूकाना थाना क्षेत्र के ग्राम बिराजपाली में एक युवक की हत्या कर दी गई। घटना से गांव में सनसनी फैल गई व त्योहार का दिन मातम में बदल गया। घटना 9 मार्च शाम 6 बजे की बताई जा रही है। मामले में पुलिस ने भादवि की धारा 302 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी की पतासाजी में जुट गई है।
तेंदूकोना पुलिस (बुंदेली चौकी) से प्राप्त जानकारी अनुसार 9 मार्च को लगभग 6 बजे की शाम वेदप्रकाश बरिहा (27) की टंगिया मार कर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोपी गांव का ही बीरसिंग है। प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना का कारण तालाब में मछली पकड़ना और उसके बंटवारा है। उस दिन आरोपी बीरसिंग अपने मित्रों के साथ दिन भर गांव में घूम-घूम कर गांव के चार-पांच लोगों की हत्या करने की बात कह रहा था। इधर, घटना के बाद से गांव में सन्नाटा पसर गया। गांव में किसी ने भी त्योहार नहीं मनाया। 9 मार्च की शाम वेदप्रकाश गांव के ही टिकेश्वर किराना दुकान के सामने पहुंचा ही था, तभी गांव के ही बीरसिंग ने उस पर टंगिए से कई वार कर दिए।
आरोपी के घर गई मां, उसकी प|ी पर किया हमला
इधर, वेदप्रकाश के शव के पास ही टंगिया पड़ा था, जिससे उसकी हत्या की गई थी। यह देख मृतक की मां हारोबाई वही टंगिया लेकर आरोपी बीर सिंग के घर पहुंची। घर के बाहर बीरसिंग का नाम लेकर हारोबाई तेज आवाज लगाने लगी। यह सुनकर बीर सिंग की प|ी बाहर निकली तो हारोबाई ने उस पर ही हमला कर दिया, परिजनों ने किसी तरह उसे बचा लिया। हालांकि घटना में बीरसिंग की प|ी को भी चोटें आई है।
पुलिस के साथ साइबर टीम कर रही जांच
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना के बाद से आरोपी बीरसिंग मौके से फरार हो गया, जिसके बाद से तेंदूकोना पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। इधर, गुरुवार को साइबर सेल की टीम भी बुंदेली चौकी पहुंचकर जांच में जुट गई है। टीम गांव भी पहुंची थी और घटनास्थल का मुआयना भी किया। साथ ही गांव के कई लोगों से मामले में पूछताछ भी की गई है, लेकिन अब तक आरोपी का कोई भी क्लू पुलिस को नहीं मिला है।