ओडिशा से बाइक पर 10 किलो गांजा लेकर आ रहे दो तस्कर गिरफ्तार
जिले में मादक पदार्थों की तस्करी का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को डोंगरीपाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर नाकेबंदी कर दो युवकों से 10 किलो गांजा बरामद किया है। पकड़े तस्करों को पुलिस ने न्यायिक रिमांड के बाद जेल भेजा है।
रविवार को डोंगरीपाली पुलिस को सूचना मिली की कुछ ओडिशा से गांजा लेकर जांजगीर जाने वाले है। जिसकी सूचना पर थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अजीब कुमार बेक ने अपने साथी स्टाफ के साथ सोहेला बरमकेला मुख्य मार्ग बनहर मोड़ के पास नाकेबंदी कर दी। तभी बिना नंबर की बाइक पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोक कर उनके पास मौजूद बोरी की जांच पड़ताल शुरू की तो उनके पास से 10 पैकेट में 10 किलो गांजा बरामद हुआ है। पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की तो उक्त लोगों ने अपना नाम दिनेश यादव पिता हरिराम, घनश्याम चन्द्रा पिता ठंडाराम चंद्रा निवासी ग्राम सिंघरा थाना मालखरौदा जिला जांजगीर-चांपा बताया, साथ ही बताया कि उक्त लोग पिछले काफी दिनों से ओडिशा के गांवों से गांजा लाकर जांजगीर, रायगढ़ सहित आस पास के इलाकों में बेचते थे। पुलिस को उक्त लोगों से गांजा तस्करी कराने वालों का भी पता चला है। थाना प्रभारी ने बताया कि पकड़े गए लोगों के कब्जे से बरामद गांजे की कीमत लगभग 50 हजार रुपए है। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेजा गया है। ओडिशा के किस जिले से गांजा भेजा गया था, उसका पता लगा है जल्द ही तस्कर की गिरफ्तारी की जाएगी। आरोपियों के कब्जे से एक बिना नंबर की बरामद बाइक भी जब्त की गई है।