स्किल डेवलप कर महिलाएं हुुईं सफल: मधुमिता
बटमूल आश्रम कॉलेज महापल्ली में महिला सशक्तिकरण को लेकर सशक्त महिला, सशक्त समाज विषय पर व्याख्यान का आयोजन में किया गया। कार्यक्रम का संचालन करते हुए रासेयो कार्यक्रम अधिकारी डॉ.गजेंद्र चक्रधारी ने कहा कि वर्तमान परिदृश्य में महिलाएं साक्षर होकर विविध क्षेत्रों में नित नये आयामों को छूकर अपने आप को सशक्त बनाते हुए समाज व देश की चहुंमुखी विकास में अपना अतुलनीय योगदान दे रहीं हैं। प्राचार्य डॉ.पीएल पटेल ने कहा कि आप अपने भीतर छिपी हुई आत्म विश्वास को जगाकर रखें। यह आत्मविश्वास ही आपके सबलता व सशक्तता का द्योतक बनेंगी।
व्याख्यान देते हुए मधुमिता पटेल ने कहा कि महिलाएं पुरुष प्रधान समाज में पुरुषों के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रहीं हैं। वे किसी भी मायने में पुरुषों से कमतर नही हैं। महिलाएं शिक्षित होकर अपनी स्किल को डेवलप कर समाज में एक अलग मुकाम हासिल कर अपनी पहचान बना रहीं हैं। आज की नारी अबला नहीं अपितु सबला है। वह हर क्षेत्र में अपने उत्कृष्ट कार्यों से सशक्तिकरण की दिशा की ओर अबाध बढ़ रहीं हैं। समाज के बेहतरी के लिए जरूरी है कि महिलाओं के उत्थान के लिए सकारात्मक सोच के साथ उचित प्रोत्साहन व आवश्यक कदम उठाने की आवश्यकता है साथ ही महिलाओं को भी अपनी क्षमता को पहचान कर उसे विस्तारित करना होगा तभी हम सब नारी सशक्तिकरण के स्वरूप को और भी विराट छवि के रूप में निरूपित करने में सफल साबित होंगे। स्वयं सेवकों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम से महिलाओं का किया सम्मान-अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर रासेयो स्वयं सेवक छात्र-छात्राओं ने महिला संदर्भित व समर्पित कार्यक्रम की प्रस्तुति दी।