कर्मियों की शपथ: सुरक्षा को हमेशा देंगे प्राथमिकता
जिंदल स्टील एंड पावर लिमिटेड के रायगढ़ संयंत्र में राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह मनाया गया। इस दौरान संयंत्र के अधिकारी, कर्मचारी और श्रमिकों को सुरक्षा और सुरक्षित कार्यप्रणाली के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों और प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। सप्ताह के अंतिम दिन सभी स्पर्धाओं के विजेताओं को पुरस्कार करते हुए सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की शपथ दिलाई गई।
राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह की शुरुआत 4 मार्च को संयंत्र परिसर स्थित पोलो ग्राउंड से सुरक्षा रैली निकालकर हुई। रैली में जेएसपीएल के सीओओ दिनेश कुमार सरावगी के नेतृत्व में सभी विभाग प्रमुख और अधिकारी, कर्मचारी व श्रमिक बड़ी संख्या में शामिल हुए। संयंत्र परिसर पहुंचकर यह रैली सुरक्षा सभा में परिवर्तित हो गई। सरावगी ने सुरक्षा ध्वज फहराकर और सभी को सुरक्षा का ध्यान रखने के लिए प्रेरित किया। औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग के प्रमुख अतानु चटर्जी ने सभी को सुरक्षा शपथ दिलाई। इसके साथ विविध कार्यक्रमों व प्रतियोगिता का सिलसिला 12 मार्च तक चला। इस दौरान सभी विभागों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए सुरक्षा भाषण, प्रश्नोत्तरी, कविता, स्लोगन एवं ड्राइंग स्पर्धाएं हुईं।
समारोह में हुआ सुरक्षा नाटिका का मंचन
समापन समारोह में जेएसपीएल परिवार के रूपेंद्र साहू, बीएस गुरु, रमेश, नरेन्द्र, राकेश, ऐवत तथा रामकृष्ण राठौर की टीम ने लघु सुरक्षा नाटिका का मंचन किया गया। इसमें यातायात के नियमों, औद्योगिक सुरक्षा तथा हादसों से बचाव के तरीके बताते हुए सुरक्षा का संदेश दिया गया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि जेएसपीएल के सीओओ दिनेश कुमार सरावगी ने आयोजन की सराहना करते हुए सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के जेएसपीएल के संकल्प को दोहराया। उन्होंने कहा कि संयंत्र में सुरक्षा के विश्वस्तरीय को बनाए रखने और हमेशा बेहतर बनाने में सभी को अपना हरसंभव योगदान देना है।