पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
रायपुर. राज्य के मध्य और उत्तरी हिस्से में अगले 24 घंटे के दौरान कहीं-कहीं पर तेज गरज के साथ बारिश और ओले गिरने की संभावना है। 15 और 16 मार्च को बारिश का असर कम हाेगा, लेकिन 17 तारीख से प्रदेश में फिर से बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी। पिछले 24 घंटे के दौरान भी राज्य में जमकर वर्षा हुई। रायपुर संभाग के पलारी में सबसे ज्यादा 60 मिमी और शहर से लगे माना एयरपोर्ट में 50 मिमी पानी बरसा।
माैसम विज्ञानियाें के अनुसार, उत्तर पाकिस्तान और उसके आसपास एक पश्चिमी विक्षोभ है। इस वजह से हरियाणा के आसपास एक चक्रवाती घेरा बना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश और उसके आसपास भी ऐसा ही एक सिस्टम है। पूर्वी उत्तर प्रदेश से पश्चिमी विदर्भ तक एक द्रोणिका बनी है। यह द्रोणिका पूर्वी मध्य प्रदेश से होते हुए गुजर रही है। इन सिस्टम की वजह से उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है।
एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलेगी। लालपुर मौसम केंद्र के मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा के अनुसार पिछले 24 घंटे के दौरान मनेंद्रगढ़, पत्थलगांव, राजनांदगांव, रायपुर, सूरजपुर, भैयाथान, धमधा, जनकपुर, कसडोल, बलौदाबाजार, ओड़गी, मुंगेली, दरभा, लखनपुर सहित राज्य में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई। गुरुवार की रात से शुक्रवार सुबह तक राजधानी में 27.4 मिमी बारिश हो गई। बारिश के बाद दिन में मौसम थोड़ा साफ रहा। दिन का तापमान 31.4 डिग्री रहा। यह सामान्य से तीन डिग्री कम रहा। रात का तापमान 19.8 डिग्री दर्ज किया गया।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.