पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
बलौदाबाजार. छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार में शुक्रवार को चाकू मारकर बदमाशों ने एक युवक की हत्या कर दी। कार सवार बदमाश शराब खरीदने के लिए दुकान पर पहुंचे थे। वहां वे एक युवक का मोबाइल छीनने लगे। विरोध करने पर उसकी चाकू मारकर हत्या कर दी और भाग निकले। युवक शराब दुकान के पास ही मछली बेचने का काम करता था। वहीं आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजन ने शनिवार को अस्पताल में हंगामा किया। पुलिस ने समझाइश कर उन्हें शांत कराया।
जानकारी के मुताबिक, पलारी में देशी शराब की दुकान है। इसी दुकान के पास ग्राम बलौदी निवासी युवाकांत बंजारे मछली बेचने का काम करता था। शुक्रवार देर शाम वह मछली बेचने के बाद घर जाने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान कार सवार चार युवक वहां शराब खरीदने के लिए पहुंचे। इनमें से एक युवक ने युवाकांत की जेब से उसका मोबाइल निकालने का प्रयास किया। युवाकांत ने इसका विरोध किया तो एक अन्य युवक ने चाकू से उसकी पीठ और पेट पर वार कर दिया। इसके बाद सभी आरोपी भाग निकले।
इसके बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी और युवक को लेकर पलारी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। यहां उपचार के दौरान शनिवार को उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अस्पताल परिसर में हंगामा कर दिया। सूचना मिलने के बाद अतिरिक्त पुलिस फोर्स वहां भेजी गई और परिजनों को समझाने का प्रयास किया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। एडिशनल एसपी निवेदिता पाल ने बताया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.