- Hindi News
- National
- Dongargaon News Chhattisgarh News Bike Rider Hit By Truck Two Dead One Serious
ट्रक की चपेट में आए बाइक सवार, दो की मौत, एक गंभीर
डोंगरगांव नगर पंचायत कार्यालय के सामने शनिवार सुबह सड़क हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। वहीं तीसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। ट्रक की चपेट में आने से यह हादसा हुआ। लगातार हो रहे सड़क दुर्घटना को लेकर लोगों में नाराजगी देखी गई। क्योंकि पुलिस के ट्रैफिक कंट्रोल का प्लान कागजों में ही सिमट कर रह गया है, जबकि भारी वाहन बेलगाम दौड़ रहे हैं, जिनके कारण हादसे बढ़े हैं।
पुलिस के मुताबिक घटना सुबह तकरीबन 7 बजे की है। कपड़ा व्यवसायी नईम खान का बेटा बसर खान (17), जूता व्यवसायी कादिर खान का बेटा आदिल खान (17) और शादाब हसन तीनों निवासी डोंगरगांव बाइक पर नदी की ओर की ओर गए थे। लौटते समय नगर पंचायत कार्यालय के सामने मेन रोड पर सामने चल रही ओवरटेक करते हुए बाइक ट्रक की चपेट में आ गई। चक्के के नीचे बुरी तरह कुचले जाने से आदिल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि बसर और शादाब गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया, यहां इलाज के दौरान शेख बसर की मौत हो गई। शादाब का इलाज जारी है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की। ट्रक चालक के खिलाफ जुर्म दर्ज कर लिया गया है।
मां की मौत के बाद चाचा के यहां रह रहा था
मृतक आदिल की मां हाल ही में गुजरी थी, तभी से वह अपने चाचा के यहां रह रहा था। वहीं मृतक बसर खान, शेख नईम का इकलौता बेटा था। हादसे के बाद से दोनों परिवार में गम का माहौल है। स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि मुख्य मार्ग पर भारी वाहन रफ्तार से दौड़ रही है, जिसकी वजह से आए दिन हादसे हो रहे हैं। पुलिस सख्त कार्रवाई नहीं कर रही है। इस ओर ध्यान देने की जरूरत है।
बसर खान
आदिल खान