- Hindi News
- National
- Rajnandgaon News Chhattisgarh News Corona Alert Doctor Paramedical Staff Leave Canceled Chicken Sales Down By 70
कोरोना अलर्ट... डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ की छुट्टी रद्द, चिकन की बिक्री 70% घटी
कोरोना वायरस को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में है। सीएमचओ डॉ. मिथलेश चौधरी ने अगले आदेश तक सभी डॉक्टर व पैरामेडिकल स्टाफ की छुटि्टयां रद्द कर दी है। वहीं मेडिकल कॉलेज हास्पिटल में 10 बिस्तर का आइसोलेशन वार्ड तैयार किया गया है। जहां विशेष प्रशिक्षण के बाद दो डॉक्टर और स्टाफ को तैनात किया गया है। इसके अलावा विदेश से लौटकर आने वालाें पर भी विशेष नजर रखी जा रही है।
शनिवार को शहर के एक ही परिवार के तीन लोगों का ब्लड सैंपल जांच के लिए एम्स भेजा गया है। ये परिवार दुबई से लौटा है। इसके चलते एहतियात के तौर पर जांच की जा रही है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग ने इन्हें संदिग्ध नहीं माना है, लेकिन अनदेखी भी नहीं की है। विदेश से लौटने वालों से अपील की जा रही है कि वे एहतियात बरतें और अपनी जांच कराएं। मेडिकल कॉलेज में पहुंचने वाले मरीजों के लक्षणों पर भी विशेष नजर रखी जा रही है। लोगों से ऐहतियात बरतने की अपील की गई है।
डायलर टोन में भी बचाव के टिप्स, इन बातों का रखें ध्यान
{शनिवार से मोबाइल फोन में भी कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव का टिप्स दिए जा रहे हैं। आप इन टिप्स को सुनकर ऐहतियात बरत सकते हैं।
{छींकने या खांसने पर रुमाल का इस्तेमाल करें, ज्यादा भीड़ वाले हिस्से में जाने से बचें।
{साबुन से बार-बार हाथ धोएं, किसी भी सामान काे धोए बगैर नाक या मुंह से नहीं लगाए।
{किसी से मिलते वक्त हाथ मिलाने से परहेज करें, इसकी जगह हाथ जोड़कर अभिवादन करें।
{बाहर से घर लौटते वक्त अच्छी तरह हाथ साबुन से धोएं, इसके बाद खाने पीने की चीजों को छुएं। सेनेटाइजर का उपयोग करें।
यह जरूरी: विदेश से लौटने वालों से अपील की जा रही है कि वे अपनी जांच कराएं
इधर यह असर- पिचकारी, रंग व ऑटो पार्ट्स हो रहे महंगे
कोरोना वायरस का असर बाजार में भी दिख रहा है। होली त्योहार के दौरान रंग और पिचकारियों की बिक्री अधिक रहती है, लेकिन नया स्टॉक नहीं आने के चलते इनके दामों में बढ़ोतरी हो गई है। दुकान संचालकों ने बताया कि बीते सालों तक 200 रुपए में बिकने वाले चाइनीज पिचकारियों की कीमत 500 पार हो गई है। वहीं नए मॉडल के पिचकारियां की सप्लाई रुकी हुई है। आटो पार्ट्स का बाजार भी महंगा हो गया है। चारपहिया वाहनों के पार्टस की सप्लाई कमजोर होने के चलते कमी व दरों में बढ़ोतरी हुई है।
चिकन से वायरस फैलने की बात सिर्फ अफवाह
चिकन व अंडे से वायरस फैलने की अफवाह को लेकर आईबी ग्रुप के एमडी बहादुर अली ने बताया कि सोशल मीडिया की वजह से ऐसी अफवाह फैली है। केंद्रीय पशुपालन मंत्री गिरीराज सिंह ने खुद स्पष्ट किया है कि चिकन व अंडे में किसी तरह के वायरस का असर नहीं है। अली ने बताया कि कुछ लोग सोशल मीडिया में गलत जानकारियां पोस्ट व शेयर कर रहे हैं। इससे लोग भ्रमित हो रहे हैं।
70 रुपए में डेढ़ से दो किलो वजन का मुर्गा बेचा
कोरोना वायरस फैलने की अफवाह के बाद चिकन व अंडे की बिक्री भी 70 फीसदी तक गिर गई है। रविवार को शहर के नंदई चौक में चिकन से लदी गाड़ी पहुंची। कर्मचारियों ने चौक में 70 रुपए में डेढ़ से दो किलो वजन का मुर्गा बेचा। ये स्थिति जिलेभर में बन गई है। वहीं अंडे के दाम भी गिरकर 40 रुपए दर्जन तक पहुंच गया है। कोरोना के अफवाह के बाद बिक्री 70 फीसदी तक गिर गई है।
दफ्तरों में बायोमैट्रिक्स सिस्टम बंद, रजिस्टर से हाजिरी
वहीं सरकारी और प्राइवेट दफ्तरों में बायोमैट्रिक्स सिस्टम अटेंडेंस के लिए बंद कर दिया गया है। बताया गया कि अब वापस रजिस्टर से हाजिरी भरी जा रही है। आशंका है कि इस सिस्टम से भी वायरस फैल सकता है। इस वजह से इसे बंद कराया जा रहा है।
राजनांदगांव. नंदई चौक में गाड़ी खड़ी कर इस तरह कम दार पर मुर्गा बेचे।