- Hindi News
- National
- Rajnandgaon News Chhattisgarh News Csp Expresses Displeasure Over Pending Permanent Warrant Says Blockade
स्थायी वारंट लंबित होने पर सीएसपी ने जताई नाराजगी, कहा- नाकेबंदी करें
सीएसपी एमएस चंद्रा ने चार्ज लेने के बाद गुरुवार को अनुभाग स्तर के पुलिस अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने सभी थाना व चौकी प्रभारियों को आवश्यक निर्देश दिए। चंद्रा ने स्थायी वारंट को लेकर गंभीरता बरतने कहा। उन्होंने कहा कि सभी थानों में स्थायी वारंट अधिक मात्रा में लंबित है। तामिली का स्तर निरंक है जो उचित नहीं है। तामिली के लिए सभी थाना प्रभारियों को एक टीम बनाकर बीट के अनुसार तामिली के लिए निर्देश दिए। बाहर राज्यों के स्थायी वारंटियों की अलग सूची बनाने कहा।
सीएसपी चंद्रा ने सभी थानों व चौकी में कर्मचारियों की गश्त ड्यूटी चार्ट तैयार कर थाना क्षेत्र में दो पाइंट व चौकी में एक पाइंट गश्त अनिवार्य रूप से लगाने कहा। यह भी सुनिश्चित करने कहा है कि शाम 6 से 8 बजे तक शहर में लगातार पेट्रोलिंग कर हाईवे पर होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
शहर के थाना प्रभारियों द्वारा सम्मिलित रूप से शहर में आने-जाने वाले रास्ते में नाकेबंदी की प्लानिंग तैयार कर बैरियर लगाए जाएं। शहर के एक्सीडेंटल जोन को चेक कर आवश्यक सुधार करने कहा। होटल, लॉज इत्यादि के आयोजन के साथ ही संबंधित रजिस्टर थाने के अफसर द्वारा चेक कराए जाएं।
सीसी कैमरे की जांच करें: उन्होंने कहा कि एटीएम व ज्वेलरी दुकानों के सीसी कैमरे चेक करें। खराब पड़े कैमरे संबंधित कंपनियों से संपर्क कर सुधार कराए जाएं। अपने क्षेत्र के असामाजिक तत्वों की सूची तैयार करने कहा। शहर में चलने वाले तेज आवाज की गाड़ियों के विरूद्ध कार्रवाई की जाए। थाना क्षेत्र के अंतर्गत लाइसेंसधारियों की भी जांच की जाए।
फायर फाइटिंग सिस्टम को चेक करें
उन्होंने बड़े दुकानों के मालिकों की मीटिंग लेकर फायर फाइटिंग सिस्टम का भौतिक सत्यापन करने के निर्देश दिए, ताकि आग लगने की घटनाओं को रोका जा सके। सिक्योरिटी एजेंसी के मालिकों को तलब कर मीटिंग लेकर मासिक जानकारी लेने कहा। हथियार से लैस सुरक्षा कर्मियों को भी चेक किए जाएं।