- Hindi News
- National
- Rajnandgaon News Chhattisgarh News Health Deteriorated Due To Drinking Alcohol 12 People Admitted Hangings Here Even Today
शराब पीने से बिगड़ी तबीयत, 12 लोग भर्ती, इधर आज भी रही खुमारी
होली त्योहार के दौरान अधिक शराब के सेवन से दर्जनभर लोगों की सेहत बिगड़ गई है। ये लोग अलग-अलग क्षेत्र के रहने वाले हैं। जिन्हें मंगलवार और बुधवार को मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में दाखिल कराया गया है। त्योहार की खुमारी गुरुवार को भी जारी रही। इसके चलते तीसरे दिन भी अधिक शराब सेवन से बीमार होने वालों की संख्या बढ़ती रही।
इसी तरह जिले के सीएचसी में भी ऐसे मरीजों की संख्या अधिक बनी हुई है। दरअसल होली त्योहार के दौरान इन लोगों ने जमकर शराबखोरी की है। इसके चलते इनकी सेहत पर इसका बुरा असर पड़ा है। प्रारंभिक उपचार के बाद इन मरीजों को मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल रेफर किया गया है। गुरुवार दोपहर तक इस तरह के मरीजों की संख्या 12 बनी हुई थी, वहीं नए मरीज भी सामने आ रहे थे।
इधर आबकारी विभाग से शराब बिक्री के मिले आंकड़े भी चौकाने वाले है। होली के पहले दो दिन में ही जिले में 5 करोड़ 25 लाख रुपए की शराब बिक गई थी।
विभाग से मिली जानकारी मुताबिक 7 और 8 मार्च को जिले की 27 दुकानों में 5 करोड़ 25 लाख रुपए की शराब बेची गई। इसी तरह 10 मार्च को भी लगभग 3 करोड़ की शराब की बिक्री दर्ज की गई है। जबकि 10 मार्च को होली का अवकाश रखा गया था।