- Hindi News
- National
- Ambagarhchouki News Chhattisgarh News Light 33 In Tehsil Number Of Patwaris 17 1 1 Patwaris Have 2 2 Lighter Charge
तहसील में हल्का 33, पटवारियों की संख्या 17 1-1 पटवारियों के पास 2-2 हल्का का चार्ज
तहसील में पटवारियों के आधे से ज्यादा पद रिक्त होने से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई है। स्थिति यह है कि एक-एक पटवारियों के पास दो-दो व तीन-तीन हल्का का चार्ज है। एेसे स्थिति में पटवारी ढूंढे नहीं मिलते है। इससे आम जनता का राजस्व विभाग से जुड़ा काम-काज हो नहीं पा रहा है।
जिसे लेकर लोगों में शासन व प्रशासन के खिलाफ आक्रोश बढ़ते जा रहा है। इधर इस संबंध में तहसीलदार परमेश्वर मंडावी ने कहा कि पटवारियों के रिक्त पदों से जुड़ी जानकारी
समय-समय पर वरिष्ठ अधिकारियों को दी जाती है।
अंबागढ़ चौकी तहसील में पटवारियों के कुल 33 हल्का है। जबकि वर्तमान में यहां मात्र 17 पटवारी पदस्थ हैं। पटवारियों के पास एक से अधिक हल्का का चार्ज होने के कारण वे सभी स्थानों में पर्याप्त समय नहीं दे पा रहे हैं। इसका परिणाम यह समाने आ रहा है कि आम जनता एवं किसानों से जुड़ा नामांतरण, बंटवारा, भू-अभिलेख अद्यतिकरण एवं प्रमाणपत्र आदि काम समय पर हो नहीं पा रहा है। जिससे लोगों में शासन व प्रशासन के खिलाफ आक्रोश बढ़ता जा रहा है। मोंगरा के किसान पन्ना दाउ, चिल्हाटी के रूपेश, कोरचाटोला के प्रकाश गजभिए ने बताया कि पटवारी उन्हें मिलते ही नहीं है। वे राजस्व कार्यालय का चक्कर काट कर थक चुके हैं लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। इधर पटवारियों का कहना है कि उन्हें आवश्यकता से अधिक हल्का व काम दे दिया गया है। एेसी स्थिति में वे सभी स्थानों व हल्का में तो नहीं पहुंच सकते हैं और न ही सभी को संतुष्ट कर सकते हैं।
नई नियुक्ति में मिले मात्र तीन पटवारी: हाल ही में हुई पटवारियों की नई नियुक्ति में चौकी तहसील को अधिक पटवारी मिलने की उम्मीद थी लेकिन यहां पर जिला प्रशासन ने मात्र तीन नए पटवारी को ही पदस्थ किया है। जिससे आम जनता ही नहीं विभाग के पटवारियों एवं कर्मचारियों को भी निराशा का सामना करना पड़ा। माना जा रहा था कि चौकी क्षेत्र में पटवारियों की कमी एवं आए दिन की शिकायतें एवं समस्याओं को देखते हुए विभाग यहां पर कम से कम 5 से 10 पटवारी की नई नियुक्ति होगी पर लोगों की उम्मीद पूरी नहीं हुई।
तहसील में आए दिन की बैठकों से पटवारी भी त्रस्त
पटवारियों की मानें तो पहले तहसील में महीने में एक या दो बैठकें होती थी लेकिन अब तो हर सप्ताह दो या तीन बैठकें होने लगी है। सप्ताह में प्रथम दो दिन उन्हें हल्का मुख्यालय में समय देना पड़ता है और एक से अधिक हल्का का चार्ज मिलने पर उनकी परेशानी बढ़ जाती है कि वे कहां जाए और कहां न जाए। क्योंकि हर स्थानों में जनता एवं विभाग से जुड़े काम हैं और एेसे में शासकीय योजनाओं का क्रियान्वयन से जुड़े काम को भी समय सीमा के अंदर करना पड़ता है। लोगों की शिकायतें होती है कि पटवारी गायब है और मिलते नहीं है वहीं आला अधिकारी व जनप्रतिनिधि बिना उनकी सुने सीधे उनके खिलाफ कार्रवाई कर देते हैं।
आरआई बन चुके 4 पटवारी का पद भी होगा खाली
तहसील में पटवारी के रूप में पदस्थ दुर्गा प्रसाद चन्द्रा, तामेश्वरी ठाकुर, चोलाराम पटेल, अशोक शाह आरआई की परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद आरआई की ट्रेनिंग कर वापस लौट गए हैं। बताया जाता है कि ये चारो पटवारी एक दो माह के अंदर आरआई के रूप में नवीन पदस्थापना वाले जगह के लिए निकल जाएंगे। ऐसे में तहसील के चार और हल्का में पटवारी का पद रिक्त हो जाएगा इससे मुश्किलें और बढ़ जाएगी।
इनकी पीड़ा: पटवारियों ने कहा- आवश्यकता से अधिक हल्का व काम दिया गया है
पटवारियों के रिक्त पदों को भरे जाने की मांग
तहसील पटवारी संघ के अध्यक्ष लखनलाल सोरी ने बताया कि वे तहसील में पटवारियों की कमी एवं समस्याओं को लेकर समय-समय पर जिला प्रशासन को ज्ञापन के माध्यम से पटवारियों के रिक्त पदों को भरे जाने की मांग करते हैं। उन्होंने हाल ही में नई नियुक्ति के समय भी जिला प्रशासन को ज्ञापन देकर तहसील में पटवारियों के रिक्त पदों की पूर्ति करने की मांग की थी। अध्यक्ष सोरी ने बताया कि पटवारियों की परेशानी बढ़ गई है।
अंबागढ़ चौकी. संघ के पदाधिकारियों ने बैठक कर मांगों पर चर्चा की।