- Hindi News
- National
- Rajnandgaon News Chhattisgarh News Politics 5 District Panchayat Members Of Bjp Can Enter Congress
राजनीति: भाजपा के 5 जिला पंचायत सदस्य कर सकते हैं कांग्रेस प्रवेश
जिला पंचायत की स्थाई समितियों के सभापति चुनाव के बाद भाजपा में बगावत की आग सुलगने लगी है। नाराज सदस्य पार्टी के खिलाफ खुलकर सामने आ रहे हैं और जल्द ही कांग्रेस प्रवेश करने की तैयारी में हैं। खबर है कि पांच सदस्यों ने पार्टी छोड़ने का मन बना लिया है। क्षेत्र क्रमांक 20 चिल्हाटी के सदस्य अरूण यादव ने तो गुरुवार को कांग्रेसी नेताओं से मुलाकात भी की। नेताओं से चर्चा के दौरान कांग्रेस प्रवेश करने की बात कही। इस बातचीत का वीडियो भी वायरल हुआ है। सदस्य यादव का कहना है कि भाजपा में मान-सम्मान नहीं है। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष से लेकर सभापति के चुनाव में चीटिंग की गई है। इस वजह से सदस्यों में नाराजगी है।
अरूण ने कहा कि भाजपा के जिलाध्यक्ष मधुसूदन यादव हैं। यहां यादव समाज से दो सदस्य जीतकर आए थे पर भाजपा ने सभापति के लायक भी नहीं समझा, जबकि खैरागढ़ क्षेत्र से विक्रांत सिंह, धम्मन साहू और विप्लव साहू सभापति बनाए गए हैं। एक ही क्षेत्र से तीन लोगों को आगे बढ़ाया और यादव समाज की उपेक्षा कर दी गई। अरूण ने इस बात पर हैरानी जताई कि महिला सदस्यों के रहते हुए भाजपा ने महिला एवं बाल विकास विभाग का सभापति पुरुष सदस्य को बना दिया।
जल्द सामने आएगा नाम: सदस्य अरूण ने बताया कि पांच सदस्यों ने कांग्रेस प्रवेश का मन बनाया है पर अन्य सदस्यों के नाम का खुलासा फिलहाल नहीं कर सकते। बताया कि संगठन को भी इस बात की जानकारी है। बावजूद इसके सभापति के चुनाव में सदस्यों की उपेक्षा की गई और मनमानी से सभापति बनाए गए। इधर कांग्रेस के कार्यवाहक अध्यक्ष पदम कोठारी ने बताया कि अरूण ने कोई आवेदन नहीं दिया है, जिपं परिसर में सिर्फ सामान्य चर्चा हुई। आवेदन आने पर हाईकमान को अवगत करा दिया जाएगा।
अध्यक्ष के चुनाव में नहीं दिया साथ: कांग्रेसी नेताओं के बीच इस बात की चर्चा है कि अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव के दौरान बहुमत के लिए सदस्यों की जरूरत थी, तब कोई सामने नहीं आया और फिलहाल सदस्यों की जरूरत ही नहीं है। माना जा रहा है कि भाजपा को कमजोर करने के लिए नाराज सदस्यों की कांग्रेस में इंट्री कराई जा सकती है।