- Hindi News
- National
- Rajnandgaon News Chhattisgarh News Private Schools Hiding Reserved Seats In Rte Portal Parents Complain
आरटीई पोर्टल में आरक्षित सीटें छुपा रहे निजी स्कूल, पालकों ने की शिकायत
शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत ऑनलाइन आवेदन के लिए बनाए गए पोर्टल में निजी स्कूल आरक्षित सीटों की सही जानकारी नहीं दे रहे हैं। गुरुवार को पालकों ने डीईओ एचआर सोम से मुलाकात की और लिखित शिकायत कर जांच की मांग की।
पालकों ने कहा कि पोर्टल में सीटों की जानकारी गलत दी जा रही है। कई प्राइवेट स्कूलों ने इस वर्ष सीटों की संख्या घटा दी है। पिछले वर्ष कई स्कूलों ने नर्सरी और क्लास पहली में प्रवेश दिया था लेकिन इस साल सिर्फ नर्सरी में ही प्रवेश दे रहे हैं।
पालकों ने बताया कि कई स्कूल ऐसे हैं जहां पर अंग्रेजी और हिंदी माध्यम से पढ़ाई होती है। इनके पास दो यू डाइस कोड है लेकिन आरटीई के तहत सिर्फ एक माध्यम से बच्चों को प्रवेश दिया जा रहा है। यानी इस ही स्कूल की सीट को पोर्टल में दर्शाया गया है। पालकों ने स्कूलों की यू डाइस कोड, तीन वर्षों की इंट्री क्लास की भी जांच की मांग की है। डीईओ से कहा कि जिन स्कूलों ने जानकबूझकर सीटें कम कर दी है। जांच कर स्कूल संचालकों को नोटिस जारी किया जाए और दोषियों पर तत्काल कार्रवाई की जाए। पालक अमित जंघेल, लिलेश निषाद, संजय यादव, खेमचंद वर्मा, संजीव सैमुअल सहित अन्य मौजूद रहे। डीईओ ने पालकों की मांग पर जांच कराने का आश्वासन दिया। इधर सर्वर डाउन होने की वजह से कई पालक आरटीई पोर्टल के माध्यम से निजी स्कूल में एडमिशन के लिए आवेदन ही नहीं कर पाए हैं।