- Hindi News
- National
- Rajnandgaon News Chhattisgarh News Protest In The Name Of Viplav Members Quarrel Over The Post Of Chairman In Bjp
भाजपा में सभापति पद को लेकर सदस्यों में तकरार, विप्लव के नाम पर विरोध
जिला पंचायत में 12 मार्च को स्थाई समितियों के लिए सभापति और सदस्यों का चुनाव होना है। इसके लिए भाजपा और कांग्रेस की ओर से रणनीति बनाई जा रही है। सोमवार को जिला भाजपा कार्यालय में सभापति और सदस्यों के चुनाव को लेकर सदस्यों के बीच एक राय बनाने बैठक रखी गई थी।
जिला अध्यक्ष मधुसूदन यादव ने बैठक ली और चुनाव लड़ने वाले सदस्यों के नाम पर चर्चा की। इस दौरान निर्दलीय प्रत्याशी विप्लव साहू को भी सभापति चुनाव में प्रत्याशी बनाने और जीत दिलाने की बात सामने आने पर कुछ सदस्यों ने इसका विरोध किया। सदस्य अशोक देवांगन तो इसके विरोध में खुलकर सामने आ गए।
देवांगन ने कहा कि वे उपाध्यक्ष के प्रबल दावेदार थे पर पार्टी के कहने पर पीछे हट गए। इस आधार पर स्थाई समिति के सभापति के लिए दावेदारी में प्राथमिकता रखते हैं। इस बात पर बहस होते ही देवांगन बैठक छोड़कर बाहर आ गए।
बताया गया कि देवांगन को कॉल कर बुलाने का प्रयास किया गया पर वे नहीं आए। सात स्थाई समितियों के लिए भाजपा के पास दावेदार अधिक हैं। इसके चलते खींचतान मची हुई है।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह का कहना है कि सभापति चुनाव को लेकर बैठक हुई है। सदस्यों में कोई नाराजगी नहीं है। सभी एकजुट होकर चुनाव लड़ेंगे। इधर कांग्रेस की ओर से स्थाई समितियों के सभापति के लिए प्रत्याशी चयन करने सदस्यों पर जिम्मा सौंप दिया गया है। एक राय बनाने के लिए कवायद की जा रही है।
इधर कांग्रेस के ग्रामीण जिलाध्यक्ष नवाज खान ने बताया कि कांग्रेस के सदस्य चुनाव लड़ेंगे,चाहे नतीजा कुछ भी हो।