- Hindi News
- National
- Rajnandgaon News Chhattisgarh News Radhakrishna Will Play Holi With Devotees From The Temple
मंदिर से निकलेंगे राधाकृष्ण भक्तों के संग खेलेंगे होली
संस्कारधानी में पिछले 29 वर्षों से रंगोत्सव का त्योहार श्री सत्यनारायण मंदिर समिति के तत्वावधान में नागरिकों की रंगोत्सव समिति द्वारा इस बार भी मनाया जाएगा। फागुन शुक्ल पूर्णिमा को होलिका दहन के पश्चात चैत्र कृष्ण एकम को मंदिर में विराजित भगवान राधाकृष्ण स्वयं अपने भक्तों के साथ रंग खेलने के लिए भव्य रथ पर सवार होकर शहर के प्रमुख मार्गों से निकलेंगे। फागुन महोत्सव का आनंद भक्तों को प्रदान करते हैं।
भगवान राधाकृष्ण मंदिर के गर्भगृह में विराजमान होते है, वर्ष में केवल दो दिन फागुन शुक्ल पूर्णिमा को भक्तों के साथ होली खेलने एवम भादवा शुक्ल ग्यारस को डोला में बैठकर जलक्रीड़ा करने ही भगवान मंदिर से निकलते है। इन दो महोत्सव अवसर पर आमजन बिना किसी भेदभाव के अपने आराध्य को स्पर्श करके पूजन, अभिषेक कर सकते हैं। 29 वर्ष पूर्व यह परंपरा प्रारंभ की गई थी। इस वर्ष 10 मार्च को रंगोत्सव का त्योहार धूमधाम से मनाए जाने व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। इस वर्ष रंगोत्सव पर भव्य रथ को तैयार किया जाएगा। इसमें राधाकृष्ण स्वरूप की मूर्तियों के हाथ में रखी पिचकारी से केशरिया रंग की फुहार निकलेगी, जो सभी भक्तों को केशरिया रंग से सराबोर कर देगी। मंदिर रंगोत्सव समिति की ओर से जानकारी दी गई है कि भगवान राधाकृष्ण की भव्य शोभायात्रा सुबह 9 बजे प्रारम्भ होगी। शोभायात्रा कामठी लाइन से भारतमाता चौक, आजाद चौक, मानव मंदिर चौक, गांधी चौक से गौशाला पारा से तेलीपारा होते हुए सदर बाजार, भारतमाता चौक से तिरंगा चौक, रामाधीन मार्ग, श्री श्याम मंदिर गली से कामठी लाइन स्थित मंदिर पहुंचेगी। शोभायात्रा के मार्ग में भक्तों द्वारा राधाकृष्ण एवं उनके ग्वाल-बालो का स्वागत सत्कार ठंडाई, शीतल पेय, जलपान, फल इत्यादि से किया जाता है। अनेक स्थानों पर रंगों के फुहारे से केशरिया रंग की बारिश किये जाने की तैयारियां की जा रही है।