- Hindi News
- National
- Rajnandgaon News Chhattisgarh News The Role Of The Fir Cm39s Office Is Also Suspicious On Two Others Including The Mayor
मेयर सहित दो अन्य पर हो एफआईआर सीएम कार्यालय की भूमिका भी संदिग्ध
ममता नगर स्थित बालिका गृह में बिना अनुमति आधी रात को प्रवेश करने के मामले में भाजपा ने महापौर हेमा देशमुख के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष शोभा सोनी ने सोमवार को भाजपा पार्षद दल के साथ एसपी से मुलाकात की और लिखित शिकायत कर मामले में महापौर सहित दो अन्य महिलाओं पर बािलकाओं की निजता के हनन का आरोप लगाते हुए एफआईआर की मांग की। भाजपा पार्षद दल ने मामले में मुख्यमंत्री कार्यालय की संलिप्तता का भी आरोप लगाते हुए जांच की मांग रखी है। अल्टीमेटम दिया गया है कि अगर सप्ताह भर के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो भाजपा सड़क की लड़ाई लड़ेगी।
नेता प्रतिपक्ष शोभा ने एसपी को दिए शिकायती पत्र में लिखा है कि महापौर देशमुख अपने साथ अंशुका बहेकर एवं प्रिया खत्री को लेकर 5 मार्च की रात को 10.30 बजे बालिका गृह पहंुची थीं। सीडब्ल्यूसी से परमिशन लिए बगैर बालिका गृह में प्रवेश किया। अधीक्षिका ने रोकने का प्रयास किया पर धक्का-मुक्की कर उस जगह तक पहंुच गई जहां पर शयन कक्ष है, जबकि अनुमति रहने पर सिर्फ बरामदे तक ही प्रवेश कर सकते हैं। सीधे तौर पर महापौर किशोर न्याय अधिनियम 2015 के नियम का उल्लंघन किया है। इसलिए मामले में एफआईआर की मांग की गई है। आरोप लगाया कि महापौर ने बालिका गृह में मोबाइल से फोटो भी ली जो कि महिलाओं की निजता का हनन है।
भाजपा पार्षद दल की ओर से लिखित शिकायत कर मामले में मुख्यमंत्री कार्यालय की संलिप्तता का भी आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है। नेता प्रतिपक्ष शोभा ने एसपी से कहा कि महापौर किस उद्देश्य और किसके कहने पर बालिका गृह गई थी? इन बिंदुओं पर जांच जरूरी है। आरोप लगाया कि महापौर ने अधीक्षिका द्वारा रोके जाने पर धक्का-मुक्की भी की।
जांच का आश्वासन: सीसी कैमरे में घटनाक्रम कैद भी हुआ है। नेता प्रतिपक्ष शोभा के साथ ही पूर्व निगम अध्यक्ष शिव वर्मा, मणीभास्कर गुप्ता, पारूल जैन,मंटू यादव सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे। एसएसपी बीएस ध्रुव ने आश्वासन दिया है कि शिकायत की जांच की जाएगी। नियमानुसार आगे की कार्रवाई होगी।
**
राजनांदगांव. शोभा सहित भाजपा पार्षद दल ने एसपी से जांच की मांग की।