• Hindi News
  • Coronavirus
  • China Coronavirus Vs Italy Novel Covid 19 Vs India Corona Infection: Know How China Wuhan Coronavirus Disease Spread?

दुनिया में ऐसे बढ़ रहा कोरोना:मार्च में संक्रमण के मामले 870% बढ़े, इस महीने कोरोना से 39 हजार से ज्यादा मौतें भी हुईं

भोपाल3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
  • 29 फरवरी तक दुनियाभर में कोरोना के 86 हजार 600 मामले थे, 31 मार्च तक 8.58 लाख से ज्यादा हो गए
  • यानी एक महीने में चीन में कोरोना मरीजों की संख्या 2% बढ़ी और दुनिया में 870% से ज्यादा

नई दिल्ली. चीन का शहर वुहान। वही शहर जहां से कोरोनावायरस निकला और तीन महीने में ही 199 मुल्कों से होते हुए दुनियाभर में फैलता चला गया। इस शहर की आबादी महज एक करोड़ 10 लाख के करीब है। यहां से निकला वायरस आज दुनिया की 700 करोड़ से ज्यादा आबादी को असर डाल रहा है। डब्ल्यूएचओ के मुताबिक, 8 दिसंबर को इसी वुहान में कोरोना से संक्रमित पहला मरीज मिला था। 10 जनवरी को दुनिया को इस वायरस के बारे में पता चला। फरवरी तक कोरोना के सबसे ज्यादा मरीज चीन में ही थे। पर, मार्च आते-आते पूरी दुनिया इस वायरस की गिरफ्त में है।
WHO, worldometers.info और अलग-अलग देशों के स्वास्थ्य मंत्रालय से मिले आंकड़े यही बताते हैं। इसके मुताबिक 29 फरवरी तक चीन में कोरोना के करीब 80 हजार मामले थे और पूरी दुनिया में 86 हजार 600 के करीब। पर 31 मार्च तक चीन में कोरोना मरीजों की संख्या डेढ़ हजार बढ़कर 81 हजार 554 पर पहुंची और दुनियाभर में 8 लाख 58 हजार से ज्यादा मामले आ गए। यानी एक महीने में चीन में कोरोना मरीजों की संख्या 2% बढ़ी और दुनिया में 870% से ज्यादा। 
इसी तरह से 1 मार्च से 30 मार्च के बीच जितनी मौतें हुईं, वो अब तक कोरोना से हुई कुल मौतों का 90% से ज्यादा है। 29 फरवरी तक कोरोना से दुनियाभर में 2 हजार 977 मौतें हुई थीं। 31 मार्च तक 42 हजार 309 मौतें हो गईं।