मुंबई में शुक्रवार को कोरोना वायरस के 5631 नए मामले मिले हैं, जो गुरुवार को मिले 3671 पॉजिटिव केस से तकरीबन दोगुना है। यहां एशिया की सबसे बड़ी झुग्गी धारावी में पिछले 24 घंटे में 34 केस मिले हैं।
उधर, दिल्ली में पॉजिटिविटी रेट बढ़कर 2.44% हो गया है। यहां 7 माह के सबसे ज्यादा 1,796 नए मामले दर्ज़ किए गए हैं, जो गुरुवार के मुकाबले 36% ज्यादा है। गुरुवार को दिल्ली में 1313 मामले सामने आए थे।
मुंबई में मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ने के पीछे नए वैरिएंट ओमिक्रॉन का संक्रमण ही जिम्मेदार है। वहां जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे जाने वाले 50 फीसदी से ज्यादा सैंपल्स में ओमिक्रॉन की पुष्टि हो रही है। ग्रेटर मुंबई म्युनिसिपल कॉरपोरेशन के अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए 7वें बैच में 282 सैंपल्स भेजे गए थे। इनमें से 55% सैंपल्स में ओमिक्रॉन संक्रमण की पुष्टि हुई है, जबकि महज 13% मरीजों में खतरनाक डेल्टा वैरिएंट पाया गया है। 32% मरीजों में डेल्टा डेरिवेटिव्स मौजूद हैं।
अच्छी खबर ये है कि जिन 156 लोगों के सैंपल में ओमिक्रॉन की पुष्टि हुई है, उनमें से महज 9 को ही हॉस्पिटल में इलाज के लिए भर्ती कराने की जरूरत पड़ी है।
महाराष्ट्र में कोरोना के रफ्तार खतरनाक स्तर की ओर बढ़ती जा रही है। महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में 8,067 पॉजिटिव केस मिले हैं। 8 लोगों की मौत हुई है, जबकि 1,766 लोग ठीक हुए हैं। राज्य में ओमिक्रॉन के भी 4 नए मरीज मिले हैं।
महाराष्ट्र की महिला एवं बाल विकास मंत्री यशोमति ठाकुर भी कोरोना पॉजिटिव हो गई हैं। उन्होंने खुद इसकी पुष्टि की है। इससे पहले गुरुवार को राज्य के एक अन्य मंत्री बाला साहेब थोराट कोरोना पॉजिटिव हो गए थे।
कोरोना अपडेट्स
कोरोना से जुड़े अन्य अपडेट्स
राजस्थान में वैक्सीन न लगवाने वाले 31 जनवरी के बाद घर से बाहर नहीं जा सकेंगे
राजस्थान में कोरोना के खतरे को देखते हुए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने स्वास्थ्य अधिकारियों और मंत्रियों के साथ मीटिंग की। 3 घंटे तक चली इस मीटिंग में CM गहलोत ने 31 जनवरी तक राज्य के सभी लोगों को वैक्सीन की दोनों डोज लगाने की बात कही। उन्होंने कहा कि वैक्सीनेशन को लेकर हमें सख्ती करनी होगी। राजस्थान में भी वैक्सीन की दोनों डोज न लगवाने वाले लोगों को 1 फरवरी से घर से निकलने की अनुमति न दी जाए। 3 जनवरी से प्रदेश में नाइट कर्फ्यू को लेकर सख्ती शुरू होगी। गहलोत ने अधिकारियों से इस संबंध में नई गाइडलाइन जारी करने को भी कहा। पूरी खबर यहां पढ़ें...
मुंबई में 15 जनवरी तक पाबंदियां
महाराष्ट्र में कोरोना और ओमिक्रॉन के केस लगातार बढ़ते जा रहे हैं। मुंबई में नए साल के जश्न के दौरान संक्रमण के खतरे को देखते हुए पूरे शहर में 15 जनवरी तक धारा 144 लगा दी गई है। अब एक साथ 5 से ज्यादा लोगों के एक जगह मौजूद होने पर रोक रहेगी।
वहीं, मुंबई पुलिस ने लोगों को शाम 5 से सुबह 5 तक समुद्र तट, खुले मैदान और गार्डन में न जाने की सलाह दी है। महाराष्ट्र सरकार ने स्थिति को देखते हुए खुली जगह या हॉल में लोगों की गैदरिंग को 50 तक सीमित कर दिया है। महाराष्ट्र में फिलहाल कोरोना के 4,333 एक्टिव केस हैं। वहीं, ओमिक्रॉन के 450 केस दर्ज किए गए हैं।
बिहार में कोरोना की स्पीड डेढ़ गुना, यही रफ्तार रही तो मार्च में पीक पर होगा कोरोना बिहार में कोरोना 1.6 गुणा की रफ्तार से बढ़ रहा है। डेल्टा और डेल्टा प्लस के साथ अब राज्य में ओमिक्रॉन वैरिएंट की दहशत हो गई है। बिहार में भी कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन की पुष्टि हुई है। कोरोना के संक्रमण की रफ्तार यही रही तो इस बार मार्च से पहले ही संक्रमण पीक पर होगा।
एक्सपर्ट का कहना है कि ऐसी स्थिति में 15 जनवरी तक एक दिन में मिलने वाले नए संक्रमितों की संख्या तीन हजार के पार होगी। पूरी खबर यहां पढ़ें...
MP में 24 घंटे में कोरोना के 77 नए मामले; ओमिक्रान का 10वां मरीज मिला
मध्य प्रदेश में बीते 24 घंटे में कोरोना के 77 नए केस मिले हैं। सबसे ज्यादा 43 पॉजिटिव इंदौर में मिले हैं। इनमें से एक ओमिक्रॉन संक्रमित है। राज्य में अब नए वैरिएंट के 10 केस हो गए हैं। कहा जा रहा है कि इंदौर में स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही से कोरोना विस्फोट हुआ है। यहां विदेश से लौटे लोगों के ठीक से नाम-पते नोट नहीं किए गए। इससे ऐसे हालात बन रहे हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें...
झारखंड में कोरोना के 482 नए केस; रांची में 24 घंटे में दोगुने मरीज
झारखंड में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 482 नए केस मिले हैं। इसमें 246 केस अकेले रांची से है। वहीं, रांची में एक बुजुर्ग महिला की कोरोना से मौत भी हुई है। इसके अलावा कोडरमा में नवोदय विद्यालय के 5 बच्चों समेत 56 लोग संक्रमित मिले हैं। इसके साथ ही राज्य में एक्टिव मरीजों की संख्या 1381 तो रांची में एक्टिव मरीजों की संख्या 546 हो गई है। पूरी खबर यहां पढ़ें...
रोजाना आने वाले केसों में 24 घंटे के दौरान 27% की बढ़ोतरी, बिहार में तीसरी लहर शुरू
देश में कोरोना का कहर जारी है। गुरुवार को करीब 16,700 मामले दर्ज किए गए। बुधवार को मिले 13,180 केस के मुकाबले गुरुवार को 27% ज्यादा मामले सामने आए। गुरुवार रात तक देश में 16,695 कोरोना केस सामने आए। पिछले 71 दिनों में यह एक दिन में सबसे ज्यादा मामले हैं। इससे पहले 20 अक्टूबर को 18,388 मामले मिले थे।
सोमवार से अब तक रोजाना के मामले 2.6 गुना बढ़ गए हैं। सोमवार को 6,242 इंफेक्शन रिकॉर्ड किए गए थे। मामलों में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी मुंबई, दिल्ली, कोलकाता और बेंगलुरु जैसी मेट्रो सिटीज में हो रही है। इसके अलावा केरल और पूर्वोत्तर राज्यों को छोड़कर तकरीबन सभी राज्यों में केस में बढ़ोतरी हो रही है।
बिहार में कोरोना की तीसरी लहर शुरू, सरकार ने लोगों से कहा अलर्ट रहें
बिहार सरकार ने कहा है कि राज्य में कोरोना की तीसरी लहर शुरू हो गई है। सरकार ने लोगों से अलर्ट रहने की अपील की है। राज्य में 159 दिन के बाद 1 दिन में 100 से अधिक नए मरीज मिले, जिनमें से अकेले पटना में 60 संक्रमित थे। राज्य में कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन का पहला मरीज गुरुवार को मिला। संक्रमित होने वाला शख्स इंग्लैंड से आए भाई से मिलने के लिए दिल्ली गया था, जो संक्रमित है और दिल्ली में क्वारैंटाइन है।
संक्रमित 26 वर्षीय युवक किदवईपुरी के IAS कॉलोनी स्थित घर में होम आइसोलेशन में है। इसका सैंपल जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए दिल्ली स्थित NCDC लैब भेजा गया था। गुरुवार को ओमिक्रॉन पॉजिटिव होने की रिपोर्ट आई। अब सुबह से कांटेक्ट ट्रेसिंग शुरू होगी। आज यानी शुक्रवार से ही ओमिक्रॉन मरीज के लिए अलग से सर्विलांस टीम का भी गठन किया जाएगा।
दिल्ली में एक दिन में 1000 से ज्यादा कोरोना केस
दिल्ली में कोरोना के नए मरीजों की संख्या 1000 के आंकड़े को पार कर गई है। बीते 24 घंटों में राजधानी में 1313 कोरोना केस दर्ज किए गए हैं जो बुधवार की तुलना में करीब 42% ज्यादा हैं। दिल्ली में 26 मई के बाद एक दिन में आज सबसे ज्यादा नए मामले हैं।
इधर, महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण तेजी से फैल रहा है। गुरुवार को राज्य में कुल कोरोना केसेस 5,368 हो गए हैं। यह बुधवार के मामलों से 37% ज्यादा है। यहां 22 मौतें भी दर्ज की गई हैं। महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा चिंता मुंबई में नए केसेज की रफ्तार को लेकर है। मुंबई में गुरुवार को कोरोना के 3,671 नए केस दर्ज किए गए। यहां अभी 11,360 एक्टिव केसेज हैं। वहीं एशिया की सबसे बड़ी झुग्गी धारावी में 18 मई के बाद सबसे ज्यादा 20 केस मिले हैं।
देश में ओमिक्रॉन से पहली मौत; भारत में अब नए वैरिएंट के 1000 केस
कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के कारण देश में पहली मौत दर्ज की गई है। महाराष्ट्र के पिंपरी चिंचवड़ में 52 साल के मरीज की 28 दिसंबर को म्यूनिसिपल कॉरपोरेशन के अस्पताल में हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। गुरुवार को उसके सैंपल्स की जीनोम सीक्वेंसिंग रिपोर्ट आई, जिसमें उसे ओमिक्रॉन पॉजिटिव पाया गया है। मृतक मरीज हाल ही में नाइजीरिया से लौटा था। उधर, देश में नए वैरिएंट के मामले 1000 के पार पहुंच गए हैं। अब देश में कुल 1200 ओमिक्रॉन संक्रमित मिल चुके हैं। गुरुवार को अकेले महाराष्ट्र में ही ओमिक्रॉन के 198 नए मामले मिले, जिससे यहां कुल केस बढ़कर 450 हो गए हैं।
कोरोना अपडेट्स
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.