स्कॉटलैंड के ‘बाल्मोरल कैसल’ में 8 सितंबर को ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय ने अंतिम सांस ली। करीब 50 हजार एकड़ में फैले 1,116 करोड़ रुपए के इस भव्य किले की मालकिन क्वीन एलिजाबेथ द्वितीय ही थीं।
ये किला तो महज एक बानगी है। लंदन की रॉयल फैमिली और क्वीन की शाही जिंदगी में ऐसे कई महल, ताज, बग्घी, गाड़ियां थीं। हम आज उन्हीं के बारे में बता रहे हैं...
लंदन की रॉयल फैमिली के पास है 2.23 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा की संपत्ति
फोर्ब्स की रिपोर्ट के मुताबिक ब्रिटेन की रॉयल फैमिली के सबसे बड़े पद पर बैठने वाले राजा या रानी के नाम कुल 28 बिलियन डॉलर, यानी 2.23 लाख करोड़ रुपए की संपत्ति है। इनमें दो तरह की संपत्ति होती है..
पहला: राज परिवार के सबसे बड़े पद ‘द क्राउन’ के नाम पर संपत्ति।
दूसरा: उस पद पर बैठने वाले राजा या रानी की निजी संपत्ति।
इसे ऐसे समझिए कि बकिंघम पैलेस का किला राज परिवार के सबसे बड़े पद ‘द क्राउन’ के नाम की संपत्ति है, जबकि स्कॉटलैंड का ‘बाल्मोरल कैसल’ एलिजाबेथ द्वितीय की निजी संपत्ति है। जो अब उनके बेटे के नाम होगी।
क्राउन के नाम पर जो संपत्ति है, वह इस पद पर बैठे व्यक्ति की निजी संपत्ति नहीं होती है और ना ही यह संपत्ति सरकार की होती है। इस संपत्ति पर क्राउन स्टेट बोर्ड का कंट्रोल होता है।
अब जानते हैं कि ब्रिटेन के राजा या रानी के नाम पर जो कुल 2.23 लाख करोड़ रुपए की संपत्ति है, उनमें क्या-क्या है…
1. राजा या रानी के क्राउन पद के नाम पर संपत्ति: 1.55 लाख करोड़ रुपए
2. बकिंघम पैलेस की कुल कीमत: 39 हजार करोड़ रुपए
3. डची ऑफ कॉर्नवाल के नाम पर संपत्ति: 10 हजार करोड़ रुपए
4. केनसिंग्टन पैलेस की कीमत: 5 हजार करोड़ रुपए
5. डची ऑफ लैंकास्टर के नाम पर संपत्ति: 5.96 हजार करोड़ रुपए
6. स्कॉटलैंड में क्राउन के नाम पर कुल संपत्ति: 4.71 हजार करोड़ रुपए
क्वीन एलिजाबेथ के पास 4 हजार करोड़ की निजी संपत्ति
फोर्ब्स की रिपोर्ट के मुताबिक, रानी एलिजाबेथ 4 हजार करोड़ रुपए की निजी संपत्ति की मालकिन थीं। इनमें उनका निवेश, आर्ट, कीमती पत्थर और रियल एस्टेट शामिल हैं। सैंडरिंघम हाउस और बाल्मोरल किला भी रानी की निजी संपत्ति है।
4500 करोड़ रुपए का ताज पहनती थीं क्वीन एलिजाबेथ
क्वीन एलिजाबेथ द्वितीय के ग्लैमरस और लग्जरी लाइफ का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि जिस बकिंघम में वह 70 साल रहीं, उसमें 775 कमरे और 78 बाथरूम हैं। यही नहीं क्वीन के ताज को 2900 कीमती पत्थरों से सजाया गया था। इस ताज की कीमत करीब 4500 करोड़ रुपए है। इस ताज में भारत का कोहिनूर हीरा भी जड़ा है।
ताज के साथ अगर रानी के पास मौजूद दूसरे कीमती पत्थरों की कीमत जोड़ें तो वह करीब 31 हजार करोड़ रुपए है। यही नहीं अलग-अलग कलर के एलिजाबेथ के पास 200 से ज्यादा हैंडबैग थे, जिसे अक्सर अपने साथ लेकर वह बाहर निकलती थीं। महारानी एलिजाबेथ द्वितीय को लैंड रोवर कार बेहद पसंद थी, जिसका नाम डिफेंडर था।
संपत्ति से कमाई का केवल 25% शाही परिवार को मिला
फोर्ब्स की रिपोर्ट के मुताबिक 2020 में राज परिवार से जुड़े संपत्ति से 3.78 हजार करोड़ रुपए की आमदनी हुई थी। जिसका केवल 25% हिस्सा शाही परिवार को मिला बाकी 75% हिस्सा ब्रिटिश ट्रेजरी में गया था।
शाही परिवार के कई शाही रिवाज
ब्रिटेन की रॉयल फैमिली के कई शाही रिवाज भी हैं। शाही परिवार के ये परंपरागत रिवाज इतने मजबूत होते हैं कि उन्हें तोड़ पाना किसी के लिए भी मुश्किल होता है। ऐसे ही 3 रिवाजों और उससे जुड़ी घटनाओं के बारे में हम बता रहे हैं…
1. तलाकशुदा से प्यार करने पर प्रिंस हैरी से नाराज हुई थी महारानी
ब्रिटेन के रॉयल फैमिली के सदस्यों को किसी से प्यार होता है तो प्रपोज करने से पहले रानी की अनुमति लेनी होती है। हालांकि प्रिंस हैरी और मेगन मर्केल का रिश्ता अपवाद है। दरअसल, शाही परिवार और क्वीन इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं थे कि प्रिंस हैरी उस महिला से शादी करें, जो पहले से तलाकशुदा है, लेकिन हैरी इस रिश्ते से पीछे हटने को तैयार नहीं थे और अंत में क्वीन ने इसकी मंजूरी दे दी।
2. शाही रिवाज तोड़ने पर डोनाल्ड ट्रंप की हुई थी आलोचना
रॉयल फैमिली का एक रिवाज यह भी है कि सार्वजनिक मौकों पर कोई भी महारानी या राजा से आगे नहीं चल सकता है। यहां तक कि उनके पति प्रिंस फिलिप भी उनसे कुछ कदमों की दूरी पर चलते थे। हालांकि, जुलाई 2018 में एक सार्वजनिक समारोह में अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप आगे निकल गए थे। इस वजह से उन्हें आलोचनाओं का शिकार होना पड़ा था।
3. किंग जॉर्ज-VI की मौत के बाद काला ड्रेस नहीं पहन पाई थी एलिजाबेथ द्वितीय
एक रिवाज यह भी है कि रॉयल फैमिली के किसी सदस्य की मौत पर राजपरिवार के सभी लोग काले रंग का कपड़ा पहनते हैं। 1952 में जब किंग जॉर्ज-VI की मौत हुई थी तो महारानी एलिजाबेथ द्वितीय अपने पति प्रिंस फिलिप के साथ केन्या के दौरे पर थीं। जब उन्हें इस बात की सूचना मिली थी तो शोक में शामिल होने के लिए उनके पास ब्लैक ड्रेस नहीं थी। इसलिए लंदन वापसी करते समय उन्हें दूसरे रंग के कपड़ों में लौटना पड़ा था।
दिवंगत महारानी से जुड़ी ये खबरें भी जरूर पढ़ें...
25 की उम्र में संभाला था शासन, 17 PHOTOS में देखें प्रिंसेस से क्वीन तक का सफर
महारानी एलिजाबेथ II ने 6 फरवरी 1952 को पिता किंग जॉर्ज की मौत के बाद ब्रिटेन का शासन संभाला। तब उनकी उम्र सिर्फ 25 साल थी। तब से 70 साल तक उन्होंने शासन किया। उन्होंने 2 दिन पहले ब्रिटेन की 15वीं PM लिज ट्रस को शपथ दिलाई थी। वे ब्रिटेन के इतिहास में सबसे लंबे समय तक शासन करने वाली पहली महिला सम्राट हैं। पढ़ें पूरी खबर...
नोटों और सिक्कों से हटाई जा सकती है एलिजाबेथ की फोटो; राष्ट्रगान में भी बदलाव की संभावना
ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के निधन के बाद अब कई शाही प्रतीक बदले जा सकते हैं। फ्लैग, नोट, सिक्के में अभी तक महारानी की अलग-अलग तस्वीर होती थी। अब इसे हटाकर नए किंग बने प्रिंस चार्ल्स की फोटो लगाए जाने की उम्मीद है। पढ़ें पूरी खबर...
15 देशों की सिंबॉलिक महारानी थीं एलिजाबेथ-II, रोज मिलता था सरकारी काम का ब्योरा
एलिजाबेथ सिर्फ ब्रिटेन ही नहीं, 14 अन्य आजाद देशों की भी महारानी थीं। ये सभी देश कभी न कभी ब्रिटिश हुकूमत के अधीन रहे थे। पढ़ें पूरी खबर...
3 बार भारत आईं एलिजाबेथ-II, रिपब्लिक डे पर शाही मेहमान बनीं
एलिजाबेथ-II तीन बार भारत आईं। 1961, 1983 और 1997 में वो भारत की शाही मेहमान बनी थीं। 1961 में भारत के गणतंत्र दिवस की परेड में भी शामिल हुई थीं। उनके साथ प्रिंस फिलिप भी थे। पढ़ें पूरी खबर...
प्रिंस चार्ल्स बने ब्रिटेन के नए किंग, 24 घंटे के भीतर सौंपा जाएगा ताज
एलिजाबेथ-II के निधन के बाद उनके बेटे प्रिंस चार्ल्स नए किंग बन गए हैं। अब उन्हें किंग चार्ल्स-III के नाम से जाना जाएगा। महारानी के निधन के 24 घंटों के भीतर लंदन स्थित सेंट जेम्स पैलेस में एक सेरेमोनियल बॉडी के बीच चार्ल्स को आधिकारिक तौर पर राजा घोषित किया जाएगा। पढ़ें पूरी खबर...
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.