मस्क ने 2022 में रिकॉर्ड 15 लाख करोड़ रुपए गंवाए:ये कतर जैसे देश की कुल कमाई के बराबर; आखिर कहां गए इतने पैसे?

5 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

ट्विटर के मालिक एलन मस्क के नाम गिनीज बुक में एक अनचाहा वर्ल्ड रिकॉर्ड बन गया है। वो एक साल में सबसे ज्यादा संपत्ति गंवाने वाले शख्स बन गए हैं। नवंबर 2021 से दिसंबर 2022 के बीच मस्क की संपत्ति से 182 अरब डॉलर, यानी करीब 15 लाख करोड़ रुपए साफ हो गए। ये रकम कतर जैसे अमीर देश की सकल घरेलू आय (GNI) से भी ज्यादा है। 2021 में कतर की GNI 176 अरब डॉलर थी।

भास्कर एक्सप्लेनर में जानेंगे मस्क ने इतनी संपत्ति आखिर कहां और कैसे गंवा दी...

नवंबर 2021 में मस्क की संपत्ति 26 लाख करोड़ रुपए थी

नवंबर 2021 में मस्क जब अपने पीक पर थे, उस वक्त उनकी संपत्ति 320 अरब डॉलर, यानी 26 लाख करोड़ रुपए थी। दिसंबर 2022 में उनकी संपत्ति 138 अरब डॉलर हो गई। यानी 182 अरब डॉलर, यानी 15 लाख करोड़ रुपए गंवा दिए। इस दौरान मस्क को दुनिया के सबसे अमीर शख्स के तमगे से भी हाथ धोना पड़ा। लग्जरी ब्रांड LVHM के चेयरमैन और CEO बर्नार्ड अरनॉल्ट अब मस्क को पछाड़कर दुनिया के सबसे अमीर शख्स बन गए हैं।

मस्क के 15 लाख करोड़ रुपए आखिर गए कहां?

फोर्ब्स के मुताबिक, टि्वटर के अधिग्रहण के तरीके और टेस्ला के शेयरों में गिरावट से मस्क को बड़ा नुकसान हुआ है। मस्क की कमाई का बड़ा हिस्सा टेस्ला कंपनी से आता है। पिछले साल 2022 में कंपनी के शेयर में करीब 70% की गिरावट आई थी। इसकी 3 मुख्य वजह थी।

पहला- चीन में कोरोना पाबंदियों की वजह से उत्पादन में देरी होना।

दूसरा- तकनीकी वजहों से टेस्ला के कई मॉडल को वापस लेना।

तीसरा- ट्विटर एपिसोड से एक धारणा बनना कि अब मस्क टेस्ला पर ध्यान नहीं दे पाएंगे।

अप्रैल 2022 में मस्क ने ट्विटर को खरीदने के लिए टेस्ला के शेयरों को बड़े स्तर पर बेचना शुरू किया। मस्क ने 2022 के अंतिम 9 महीनों में टेस्ला के 22.9 अरब डॉलर यानी करीब 1.8 लाख करोड़ रुपए के शेयर बेचे।

आक्रामक ट्वीट से मस्क के साथ टेस्ला की ब्रांड पर असर

मस्क ने 28 अक्टूबर 2022 को ट्विटर का टेकओवर किया। इसके बाद से वो नियमित रूप से आक्रामक ट्वीट कर रहे हैं। इसकी वजह से पब्लिक में उनकी छवि खराब हुई है। इससे टेस्ला ब्रांड को भी नुकसान पहुंचा है।

मॉर्निंग कंसल्ट के एक सर्वे के मुताबिक, अक्टूबर और नवंबर 2022 के बीच अमेरिका में डेमोक्रेट्स के बीच टेस्ला ब्रांड की लोकप्रियता में 20% तक की कमी आई। यानी ऐसे लोग टेस्ला की कार को नहीं खरीदना चाहते थे।

ट्विटर के मालिक बनने से टेस्ला को लेकर निवेशकों में चिंता

टेस्ला के कई निवेशक भी कंपनी के लिए मस्क के कमिटमेंट को लेकर चिंतित थे, क्योंकि उनका मानना था कि ट्विटर के टेकओवर से उनका ध्यान टेस्ला से हट जाएगा। टेस्ला तीसरे सबसे बड़े शेयर होल्डर लियो कोगुआन ने 14 दिसंबर 2022 में ट्वीट किया, 'मस्क ने टेस्ला को छोड़ दिया है और अब टेस्ला के पास कोई CEO नहीं है।'

चीन में टेस्ला के उत्पादन में देरी

मस्क के अलावा टेस्ला चीन में कोरोना की पाबंदियों के चलते उत्पादन में कमी की समस्या से भी जूझ रही है। सप्लाई चेन में बाधा के चलते टेस्ला को चीन के इलेक्ट्रिक व्हीकल कंपनियों से कड़ा मुकाबला करना पड़ रहा है।

टेस्ला के शेयर की कीमत में गिरावट की एक और वजह कई मॉडलों की लॉन्चिंग में देरी होना भी है। टेस्ला के पिकअप यानी साइबर ट्रक के उत्पादन में भी देरी हो रही है। साइबर ट्रक की डिजाइन को पहली बार साल 2019 में पेश किया गया था। उस वक्त कंपनी ने 2021 में इसका उत्पादन शुरू होने की उम्मीद जताई थी। हालांकि यह अभी तक नहीं हो पाया है।

दिसंबर 2022 में मस्क ने एक ईमेल में टेस्ला कर्मियों को बताया कि लॉन्ग टर्म में कंपनी धरती की मोस्ट वैल्यूएबल यानी मूल्यवान कंपनी बन जाएगी। रॉयटर्स के मुताबिक उन्होंने ईमेल में लिखा था, ' शेयर बाजार के क्रेजीनेस से परेशान नहीं हों। जैसा कि हम लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं, बाजार हमें जरूर रिक्ग्नाइज करेगा। देखा जाए तो यह सही भी है। 700 अरब डॉलर गंवाने के बाद भी टेस्ला दुनिया की सबसे मूल्यवान कंपनी बनी हुई है।

ट्विटर में 3.6 लाख करोड़ रुपए लगाने का भी फायदा नहीं मिला

मस्क को अभी तक ट्विटर को 44 अरब डॉलर यानी 3.6 लाख करोड़ रुपए में खरीदने का कोई फायदा नहीं मिला। मस्क के मालिक बनने के बाद कई कंपनियों ने ट्विटर पर फेक न्यूज और हेट स्पीच में तेजी आने की चिंता जाहिर करते हुए कंपनी को विज्ञापन देना बंद कर दिया।

मस्क के पैसे खर्च करने के प्लान के बारे में भी जानें

मस्क भले ही इतने पैसे गंवा दिए हों, लेकिन टाइम मैगजीन मस्क को दूसरे अरबपतियों से काफी अलग बताता है। टाइम मैगजीन के मुताबिक, मस्क चतुराई और सुरक्षित निवेश के बजाय जोखिम भरे निवेश करते हैं, इसका फायदा भी उन्हें मिलता रहा है। इन जोखिम भरे निवेश ने ही उन्हें दुनिया का सबसे अमीर शख्स बनाया। इसी वजह से वह 2021 में टाइम के पर्सन ऑफ द ईयर बने।

मस्क की टेस्ला और स्पेसएक्स अपने सेक्टर की टॉप कंपनियां हैं। इलेक्ट्रिक कार के मामले में टेस्ला आज विशालकाय कंपनी है। अमेरिका के इलेक्ट्रिक व्हीकल के मार्केट में इसकी दो तिहाई हिस्सेदारी है। स्पेसएक्स भी प्राइवेट स्पेस रिसर्च में टॉप पर है।

मस्क अपनी संपत्ति और महत्वाकांक्षाओं के बारे में बहुत कम बात करते हैं। हालांकि, 2018 में उन्होंने ट्विटर पर लिखा था, 'आप मुझसे पूछ सकते हैं कि मुझे पैसे क्यों चाहिए? मेरा लगभग आधा पैसा धरती पर पनप रही समस्याओं को हल करने के लिए और आधी मंगल ग्रह पर एक आत्मनिर्भर शहर बनाने के लिए है। यानी अगर कभी धरती पर एस्टेरॉयड गिरने या तीसरे विश्व युद्ध होने से नष्ट हुई तो हम वहां पर रह सकें।'

अलग-अलग विषयों पर अन्य एक्सप्लेनर्स भी पढ़िए...

1. पाकिस्तान के पास बचा सिर्फ 3 हफ्ते का पैसा:क्या मुस्लिम भाईचारे के नाम पर पाक को फिर डूबने से बचा लेगा सऊदी अरब

2. रूस-यूक्रेन जंग रोकने की कोशिश करने वाले अरबपति को जहर दिया गया; 101 साल से विरोधियों को ऐसे ही मारता रहा रूस

3. पाकिस्तानी सीरियल किलर, जिसने 100 मांओं को रुलाया:बच्चों को मारकर एसिड में डाल देता था; अनोखे तरीके से 30 दिसंबर को दी थी गिरफ्तारी

4. दिमाग को संक्रमित कर मांस खा गया ब्रेन-ईटिंग अमीबा:गर्म पानी से नाक के जरिए शरीर में घुसा; 11 दिन बाद शख्स की हुई मौत