19 मार्च को लंदन में भारतीय दूतावास के सामने सैकड़ों की संख्या में खालिस्तानी प्रदर्शनकारियों की भीड़ जमा थी। इनके हाथ में खालिस्तानी झंडे और पोस्टर थे। इन पोस्टरों में फ्री अमृतपाल सिंह, वी वॉन्ट जस्टिस, वी स्टैंड विद अमृतपाल सिंह लिखा हुआ था। देखते ही देखते प्रदर्शन उग्र हो गया और एक शख्स ने दूतावास में लगा तिरंगा झंडा उतारने की कोशिश की।
लंदन की घटना पर दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने इस घटना में शामिल ब्रिटिश भारतीयों के खिलाफ UAPA, PPDA और IPC की अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। हालांकि, पुलिस ने आरोपियों के नाम अभी नहीं बताए हैं। दूसरी तरफ, लंदन पुलिस ने भारतीय दूतावास की घटना के बाद अवतार सिंह खांडा नाम के शख्स को गिरफ्तार किया है।
भास्कर एक्सप्लेनर में जानेंगे अवतार सिंह खांडा कौन है, इसका ISI और अमृतपाल से क्या कनेक्शन है?
अवतार सिंह खांडा पंजाब के मोगा जिले का रहने वाला है। 1988 में रोडे गांव स्थित भिंडरावाले के घर में खांडा का जन्म हुआ। अवतार सिंह खांडा की शुरुआती पढ़ाई आर्य समाज के एक स्कूल में हुई। पिता का नाम खालिस्तानी मूवमेंट से जुड़े होने की वजह से अवतार के घर पर अक्सर सुरक्षा एजेंसी पूछताछ के लिए आती रहती थी। इसी वजह से उसका परिवार पंजाब में कभी पटियाला, कभी लुधियाना तो कभी मोगा शिफ्ट होता रहा।
1988 में खांडा के चाचा बलवंत सिंह खुकराना को सुरक्षा बलों ने एक एनकाउंटर में मार गिराया था। खांडा के पैदा होने के 3 साल बाद ही 3 मार्च 1991 को उसके पिता कुलवंत सिंह खुकराना का भी सुरक्षाबलों ने एनकाउंटर कर दिया।
अवतार के पिता और चाचा दोनों ही खालिस्तानी फोर्स के एक्टिव मेंबर थे। अवतार के मामा गुरजंत सिंह बुधसिंहवाला खालिस्तान लिबरेशन फोर्स का प्रमुख था।
22 साल की उम्र में खांडा पढ़ाई के लिए ब्रिटेन गया। यहां वह खालिस्तानियों से संपर्क में आया और फिर खालिस्तानी मूवमेंट का एक्टिव मेंबर बन गया।
इसके बाद अवतार सिंह खांडा अकाली दल (मान) संगठन से जुड़ गया। इस संगठन से जुड़ने के कुछ दिनों बाद ही वह संगठन के यूथ विंग का उपाध्यक्ष बन गया।
2015 में भारत ने ब्रिटिश सरकार को भारत विरोधी कुछ लोगों के नाम सौंपे थे। इनमें अवतार सिंह खांडा का नाम भी शामिल था। भारत ने खांडा को देशद्रोही बताते हुए कहा था कि वह कट्टरपंथी संगठन से जुड़कर युवाओं को उग्रवाद की ट्रेनिंग दे रहा है। इसके बाद पहली बार ये नाम खबरों के जरिए सामने आया था।
सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि अवतार सिंह खांडा टॉप खालिस्तानी आतंकी जगतार सिंह तारा और परमजीत सिंह पम्मा का बेहद करीबी है। दरअसल, पम्मा खालिस्तान टाइगर फोर्स का एक्टिव सदस्य है और NIA की लिस्ट में वह मोस्ट वांटेड आतंकी है।
बहन की शादी में भी भारत नहीं लौट पाया अवतार सिंह खांडा
2015 में अवतार सिंह खांडा के बहन की शादी थी। वह अपनी बहन की शादी में अपने घर आना चाहता था, लेकिन भारत सरकार के देशद्रोही लिस्ट में शामिल होने की वजह से अपनी बहन की शादी में शामिल नहीं हो पाया।
एक इंटरव्यू में अवतार सिंह खांडा ने कहा था कि वह वापस भारत लौटना चाहता है। इसकी वजह ये है कि 2010 के बाद से ही वह अपनी मां से नहीं मिल पाया है। उसने बताया कि भिंडरावाला और उसके परिवार के बीच काफी अच्छे संबंध थे।
‘खालिस्तानी मांग से जुड़ा हूं लेकिन हथियार चलाना नहीं सिखा रहा’
एक इंटरव्यू में अवतार सिंह खांडा ने कहा कि मैं खालिस्तानी मूवमेंट से जुड़ा हूं। इसका मतलब ये नहीं है कि मैं लोगों को हथियार चलाने की ट्रेनिंग दे रहा हूं। अब अवतार सिंह खांडा की गिरफ्तारी हो चुकी है लेकिन इससे पहले अपनी गिरफ्तारी को चुनौती देते हुए खांडा ने कहा था, 'अगर मेरे ऊपर लगे आरोप सही हैं तो पुलिस को मुझसे पूछताछ करना चाहिए थी। इस तरह के आरोप लगने के बाद मेरी गिरफ्तारी हो जानी चाहिए थी। ये सब बेकार की बातें हैं। सांसदों के निमंत्रण पर मैं 4 बार UK की संसद में गया हूं।'
इसके साथ ही ISI के साथ अपने कनेक्शन पर अवतार सिंह खांडा ने कहा कि ISI खुद दूसरे देशों से फंडिंग मांग रहा है। ऐसे में लोग खालिस्तान की बात आते ही ISI से जोड़ने लगते हैं, जो सही नहीं है।
‘सोशल मीडिया के जरिए अमृतपाल के संपर्क में आया’
अवतार सिंह खांडा ने बताया कि 6 साल पहले सोशल मीडिया पर उसे अमृतपाल का एक मैसेज आया था। इसके बाद से ही दोनों के बीच बातचीत शुरू हो गई। खांडा ने बताया कि उसने हायर स्टडीज करने वाले लोगों की लिस्ट मांगी थी। हालांकि, अमृतपाल के बारे में किसी तरह की जानकारी होने से उसने इनकार किया है।
वहीं, इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक अमृतपाल मामले की जांच कर रही एजेंसियों ने बताया है कि अवतार सिंह खांडा, अमृतपाल का गॉडफादर रहा है। अमृतपाल ने पंजाब आने से पहले अवतार सिंह खांडा से मुलाकात की थी।
सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि खांडा IED और दूसरे तरह के हथियार चलाने में माहिर है। उसने भारत लौटने से पहले अमृतपाल को ‘मिशन खालिस्तान’ के तहत ट्रेनिंग दी है। खांडा के जरिए ही अमृतपाल मोस्ट वांटेड परमजीत सिंह पम्मा के संपर्क में आया था।
भास्कर एक्सप्लेनर के कुछ और ऐसे ही रोचक आर्टिकल पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें...
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.