हर महीने दो से तीन दिन गाय-भैंसों के बीच रहना पड़ता है। खाना-पीना-सोना सब कुछ वहीं। रातभर मच्छर काटते हैं, ऊपर से गोबर की बदबू। कपड़े से नाक दबाए, दम घुटने लगता है। रात-बेरात वॉशरूम जाना पड़े तो अलग मुसीबत, उसी गोबर पर पैर रखकर खेत में जाना पड़ता है।
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले की जाणा गांव की ऐलू देवी इतनी सहजता से ये सारी बातें कहती हैं कि मैं सोच में पड़ जाती हूं। एक तरफ महिलाओं को लेकर सरकारें बड़े-बड़े दावे करती हैं। दूसरी तरफ ऐलू देवी की तरह अनगिनत महिलाओं को अपने सबसे मुश्किल दिनों यानी पीरियड्स के दौरान घर से बाहर गाय-भैंसों के कमरे में, झोपड़ी में या अलग कमरे में रहना होता है। यहां के लोग इसे बाहर बैठना कहते हैं।
फिलहाल हिमाचल प्रदेश में वोटिंग हो चुकी है। 8 दिसंबर को फैसला भी आ जाएगा, लेकिन सदियों से दंश झेल रही इन महिलाओं की स्याह जिंदगी में कब उजाला होगा, कहना मुश्किल है।
इन्हीं महिलाओं का हाल जानने मैं दिल्ली से तकरीबन 550 किलोमीटर दूर हिमाचल प्रदेश के कुल्लू पहुंची।
घना और वीरान जंगल, जंगल के बीचों-बीच संकरा रास्ता। इक्क-दुक्का गाड़ियों, झरने और पक्षियों का चहचहाना छोड़ दें, तो किसी और आवाज की यहां दखल नहीं। दखल है तो बस यहां के देवी-देवताओं और उनसे जुड़ी मान्यताओं की, जो हर गांव में अपनी पूरी ठसक के साथ सुनाई देती हैं।
यहां से 40 किलोमीटर चलकर मैं पहुंची जाणा गांव। 2200 मीटर की ऊंचाई पर बसे इस गांव में तकरीबन 1400 लोग रहते हैं। ज्यादातर ठाकुर कम्युनिटी के लोग। गांव की शुरुआत में ग्राम देवता का मंदिर है। शाम का वक्त, सूरज पहाड़ों के पीछे छिपने लगा था। ऊपर चढ़ते-चढ़ते मेरी सांस फूल रही थी।
लकड़ी से बना पारंपरिक पहाड़ी घर। पहली मंजिल में बनी खिड़की से झांकती 2-3 साल की लड़की। दूसरी खिड़की से देखतीं एक महिला। यहां मुझे घर के बाहर लगे नल से पानी भरती हुई 40 साल की ऐलू देवी मिलती हैं। उनकी चचेरी सास मंजू देवी भी पास में ही बैठी हैं।
मैं ऐलू देवी से पूछती हूं गाय-भैंसों के साथ रहने में डर नहीं लगता? पहले काफी डर लगता था, पूरी-पूरी रात सो नहीं पाती थी। अजीब सी आवाज कानों में गूंजती थी। और अब…? अब भी कुछ नहीं बदला, मजबूरी में रात गुजारनी ही पड़ती है। आखिर हम कर ही क्या सकते हैं।
मंजू देवी उनकी बात को आगे बढ़ाते हुए कहती हैं, ’हम तो डर के मारे रात में टॉयलेट भी नहीं जाते। कई बार तो पूरी रात पेट पकड़ कर पड़े रहते हैं। बाकी लोग अंदर सोते हैं। आखिर आधी रात को हम किसे आवाज दें।’
आखिर ऐसी क्या मजबूरी है? आज के जमाने में कौन इतना भेद-भाव करता है? ऐलू देवी कहती हैं, ‘करना ही पड़ेगा। हजारों साल से हमारे घर की महिलाएं ऐसा करती आ रही हैं। हमने कुछ गलत किया, तो गांव के देवता नाराज हो जाएंगे। हम नहीं चाहते कोई अनहोनी हो।’
यहां से मैं आगे बढ़ती हूं। रास्ते में मुझे 67 साल की मन्होरी मिलती हैं। पहाड़ी वेशभूषा में सीढ़ियों पर बैठी हैं। जाणा मन्होरी का मायका है। वे कुछ दिनों के लिए यहां आई हैं। मन्होरी पीरियड शब्द नहीं जानती हैं। उनसे बाहर बैठने वाले दिनों की बात का जिक्र करती हूं।
वे कहती हैं, ’जब तारीख आती है तो हम गांव के बाहर बनी झोपड़ी में रहते है। बाहर इतनी ठंड लगती है कि पूरा शरीर अकड़ जाता है। घुटने और हाथों में दर्द होने लगता है। इसी के चलते मुझे ब्लड प्रेशर की शिकायत भी रहने लगी।’
मन्होरी कहती हैं कि जिन लोगों के पास पैसे हैं, उन्होंने अब इसके लिए अलग पक्का कमरा बना लिया है, लेकिन अभी भी ज्यादातर लोगों को 2-3 दिन गायों के साथ ही रहना पड़ता है।
अगर बच्चा बीमार हो या जरूरी काम हो तो भी घर से बाहर नहीं आ सकतीं? जो नियम-कायदे हैं, उन्हें मानना ही पड़ेगा। 2-3 साल का बच्चा हो तो मां अपने साथ रखती है, लेकिन उससे बड़े बच्चे अलग ही रहते हैं। बच्चा बीमार है तो परिवार के दूसरे लोग उसकी देखभाल करेंगे।
अगर परिवार में कोई और नहीं है, तो पड़ोस के लोग बच्चे की देखरेख करते हैं। जब मेरे बच्चे छोटे थे तो कई बार ऐसा हुआ, लेकिन मैं मन मारकर रह जाती थी।
इन इलाकों में ज्यादातर घर लकड़ी से बने हैं। सबसे ऊपर वाले हिस्से में घर के कुलदेवता रहते हैं। उसके नीचे रहने के कमरे और किचन होता है। सबसे नीचे के कमरों में गाय और बाकी जानवर बांधे जाते हैं। इसे यहां के लोग खुड कहते हैं। पीरियड्स के दिनों में महिलाएं यहीं रहती हैं। जिन घरों में केवल एक महिला है, वहां गांव की कोई और महिला इनके खाने-पीने की व्यवस्था करती है।
मन्होरी से मिलने के बाद मैं आगे बढ़ती हूं। पहाड़ों पर चलते-चलते थक जाती हूं। थोड़ी देर आराम करने के लिए एक सीढ़ी पर बैठती हूं। यहीं मेरी मुलाकात सुआंरू राम से हुई। पेशे से किसान सुआंरू राम 68 साल से जाणा में रह रहे हैं।
मैं उनसे पूछती हूं आप महिलाओं को उन दिनों में घर के बाहर क्यों रखते हैं? वे कहते हैं, ’ये तो दादा-बाबा के समय से चली आ रही परंपरा है। औरतों को इस दौरान गौशाला में ही रहना पड़ता है। 4 दिन इन्हें घर के अंदर नहीं आने देते। उन्हें कोई छूता नहीं है। नहाने के लिए अलग से पानी भी कोई और ही देता है।’
मैं कहती हूं औरतों को बड़ी दिक्कत होती होगी… वे झट से कहते हैं- कोई दिक्कत नहीं होती। औरतों को आदत पड़ गई है। पहले तो बच्चे भी गोशाला में ही होते थे। जब तक बच्चे की नाल नहीं काटते, तब तक महिलाएं घर के अंदर नहीं आ सकती थीं।’
यहां से और ऊपर बाजार की ओर जाते हुए मुझे 12वीं में पढ़ने वाली शिवानी और सोनी मिलीं। इनकी कहानी में भी ऐसा ही दर्द छिपा है। शिवानी कहती हैं,’पीरियड्स के पहले दिन हम स्कूल तक नहीं जा सकते। दूसरे दिन चाहे कितनी ही ठंड हो, सिर धोकर, नहाने के बाद ही स्कूल जा पाते हैं। इसके साथ एक दिक्कत ये कि हम खुद से नहा भी नहीं सकते। घर में कोई और हमारे ऊपर पानी डालता है।’
शिवानी स्टेट लेवल की एथलीट हैं। मैं पूछती हूं आप पढ़ी-लिखी हो फिर भी भेदभाव को मान रहे हो। इस पर शिवानी कहती हैं- ‘जब तक हम गांव में हैं, इस परंपरा को मानना ही पड़ेगा। अकेले हम कुछ बदल नहीं सकते। हां गांव से बाहर निकलने के बाद मैं इस परंपरा को नहीं मानूंगी।’
यहां से नीचे उतरते हुए मेरी मुलाकात वीणा से हुई। वीणा एक सेब के बगीचे की मालकिन हैं। यहां उनका मायका है और ससुराल लाहौल-स्पीति में। शादी बाद उन्होंने बौद्ध धर्म अपना लिया है। इसलिए उनके ससुराल में इस प्रथा को नहीं मानते हैं, लेकिन जब भी मायके आती हैं, उन्हें यहां की परंपरा माननी पड़ती है।
वे कहती हैं,‘मैं अपने ससुराल में तो इसे नहीं मानती, लेकिन यहां रहते अगर डेट आती है तो नीचे के कमरे में रहना होता है। दो से तीन दिन किसी से मिलना नहीं हो पाता। खाना देने वाले भी दूर से खाना देकर चले जाते हैं। नहाने के लिए भी किसी को आवाज देती हूं, तो वो शरीर पर पानी डालकर चला जाता है।’
जाणा की महिलाओं से बात करने के बाद मेरा अगला पड़ाव है विस्ट बेहड़ गांव। कुल्लू से करीब 10 किलोमीटर दूर पहाड़ों पर बसे इस गांव में 40-45 घर हैं। ज्यादातर कच्चे मकान। इक्का-दुक्का ही पक्के घर है। यहां भी ठाकुर कम्युनिटी का वर्चस्व है। 10वीं तक की पढ़ाई के लिए सरकारी स्कूल है। आगे की पढ़ाई के लिए कुल्लू या दूसरे शहरों में बच्चों को जाना पड़ता है।
पहाड़ी पर बना तीन मंजिला घर। सबसे निचले हिस्से में एक छोटा सा कमरा। उसके अंदर और बाहर गाय बंधी हैं। बाहर चटाई पर अनाज सूखने के लिए डाल रखा है। दूसरी तरफ मुंडेर पर 20-22 साल की दिव्या बैठी हैं। दो साल पहले ही उनकी शादी हुई है।
मैं बात करने के लिए पास जाती हूं, उनकी तरफ माइक बढ़ाती हूं। तभी वो बोल पड़ती हैं- ‘इधर कहां आ रही हैं आप। मैंने छू दिया तो आप अशुद्ध हो जाएंगी, अपवित्र हो जाएंगी।’
मैं पूछती हूं आपके छूने से मैं अपवित्र कैसे हो जाऊंगी? गहरी सांस लेकर पहले मुझे दूर बैठने का इशारा करती हैं। फिर कहती हैं- ‘अभी हम किसी को छू नहीं सकते। हमारे देवता नाराज हो जाएंगे। आप किसी और से बात कर लो।’
दिव्या को तीन दिन घर से बाहर रहना है। आज पहला दिन है, इसलिए बाहर बैठी हैं। शाम को उनको अलग कमरा मिलेगा। जहां वे दो दिनों तक अकेली रहेंगी। उसी कमरे में उन्हें खाना पहुंचाया जाएगा।
दिव्या से बात करने के बाद मैं वापस कुल्लू पहुंचती हूं। यहां मेरी मुलाकात एक्टर, लेखक और थिएटर डायरेक्टर केहर सिंह ठाकुर से होती है।
वे अपनी मां के साथ हुआ एक वाकया बताते हैं, ‘एक रात गांव में बहुत बर्फबारी हुई, 2 से 3 फीट बर्फ थी। इस बीच मेरी मां को पीरियड्स आ गए। उन्हें पीरियड्स के बाद घर में अंदर आने के लिए कपड़े धोने थे, नहाना था।
मैं उनके नहाने के लिए गर्म पानी लेकर गया था, लेकिन जितनी देर में कपड़े धुलते, वो पानी ठंडा हो गया। मां को उस हाड़ कंपाने वाली ठंड में भी खुले में नहाना पड़ा। तब मुझे लगा कि ये बंद होना चाहिए, लेकिन जागरूकता की कमी से लोग ऐसा कर नहीं पा रहे।’
डॉ. देवकन्या ठाकुर शिमला के एस.जी.वी.एन. शनान के जनसंपर्क विभाग में सहायक प्रबंधक हैं। वे अपनी बेबसी जाहिर करते हुए कहती हैं, ‘मैं एक पढ़े-लिखे परिवार से आती हूं, PhD कर चुकी हूं, लेकिन मुझे अपने घर में पीरियड्स के दौरान बाहर रहना पड़ता है। हम चाहते हैं कि बदलाव हो, लेकिन वो किस कीमत पर हो, ये तय करना मुश्किल है। अपने माता-पिता ही हमें मजबूर कर देते हैं।’
वे कहती हैं, ’कुल्लू के गांवों में जब कोई त्योहार होता है या देवता का रथ निकलता है, तो पीरियड्स वाली महिलाओं को घर से ही नहीं बल्कि गांव से बाहर रहना होता है। इसके लिए गांव की सरहद के बाहर लकड़ी का घर बना है। वहीं इन महिलाओं को रहना पड़ता है।
महाराष्ट्र, तमिलनाडु और कर्नाटक जैसे राज्यों में भी बाहर बैठने को मजबूर महिलाएं
महाराष्ट्र के गढ़चिरोली जिले के टुकुम गांव में गोंड और मड़िया आदिवासी लोग रहते हैं। इन समुदायों में महिलाओं को पीरियड्स के दौरान पीरियड हट में रहना पड़ता है। इन हट्स को कुर्मा घर कहते हैं। यहां कई औरतों की मौत भी हो चुकी है। महाराष्ट्र के साथ-साथ छत्तीसगढ़, आंध्रप्रदेश और ओडिशा में भी इस प्रथा को मानते हैं।
तमिलनाडु के पेरंबलूर और मदुरै जिले के कुछ गांवों में भी ऐसी प्रथा मानी जाती है। यहां के दलित समुदायों में मान्यता है कि पीरियड्स में औरतों के घर आने से उनके कुलदेवता नाराज हो जाएंगे। पेरंबलूर में इन हट्स को मुट्टुकड्डू कहा जाता है।
कर्नाटक के रामनगर जिले के अरललासंद्र गांव में भी औरतों को इसी तरह अपने घर के बाहर पेड़ों के नीचे और झोपड़ियों में रहना पड़ता है।
ब्राजील में पीरियड आया तो एक साल के लिए गांव से बाहर रहना पड़ता है
अमेरिका के मध्य-पश्चिमी इलाके उजिबवे में पीरियड्स के दिनों में महिलाएं अपने समुदाय से बाहर अलग बने घरों में रहती हैं, इन्हें यहां के लोग मून लॉज कहते हैं।
अमेजन के घने जंगलों में रहने वाला ब्राजील का तिकुना समुदाय महिलाओं को पहले पीरियड्स के बाद एक साल के लिए गांव से बाहर एक घर में रहने के लिए भेज देता है। इस पूरे साल भर के समय में लड़की से केवल उसकी दादी मिल सकती हैं, जो उसे सिलाई-कढ़ाई-बुनाई और घर की देखभाल करने जैसे पारंपरिक घरेलू काम सिखाती हैं।
नेपाल में महिलाओं को पीरियड्स के दौरान घर के बाहर झोपड़ी में रहना होता है। उन्हें इस दौरान केवल उबले हुए चावल खाने को दिए जाते हैं। वो भी ऊपर से फेंक कर, जैसे किसी जानवर को खाना दिया जा रहा हो।
पोलैंड में माना जाता है कि पीरियड्स के दौरान महिलाओं को सेक्स नहीं करना चाहिए, नहीं तो उनके पार्टनर की मौत हो जाएगी। वहीं रोमानिया में मान्यता है कि इस दौरान महिलाओं को फूल नहीं छूने चाहिए, इससे फूल मुरझा जाते हैं।
मलेशिया के लोगों का मानना है कि महिलाओं को पैड्स फेंकने से पहले धो लेने चाहिए, नहीं तो भूत उनके पीछे लग जाते हैं। अर्जेंटीना में महिलाओं को पीरियड्स में नहाने की इजाजत नहीं होती।
पीरियड्स के दिनों में भेदभाव बंद हो- गुजरात हाईकोर्ट
पिछले साल गुजरात हाइकोर्ट ने अपने एक फैसले में पीरियड्स के दिनों में महिलाओं के साथ होने वाले भेदभाव पर रोक लगाने की बात कही थी। हाईकोर्ट ने कहा था कि सार्वजनिक, व्यक्तिगत, धार्मिक और शैक्षिक जगहों पर पीरियड्स के दौरान होने वाले सामाजिक बहिष्कार बंद होना चाहिए। इसके बावजूद कुल्लू सहित देश के कई राज्यों में बाहर बैठने की प्रथा अपने पैर पसारे हुए है।
अब इस पोल से होकर भी गुजर जाइए
ब्लैकबोर्ड सीरीज की इन कहानियों को भी पढ़िए
1. ना डोली सजी, ना दुल्हन बनी, लेकिन बच्चे हैं: मन भरा तो पति दूसरे के साथ चला जाता, मंदिर जाने पर भी रोक
ना बारात आई, ना डोली सजी, ना दुल्हन बनी, ना सिंदूरदान हुआ। पति है, लेकिन कोई मानता नहीं। बेटा-बेटी हैं, लेकिन उन्हें पिता का नाम नहीं मिला। ना पूजा कर सकती, ना मंदिर जा सकती। मां-बाप के साथ भी ऐसा ही हुआ और बहन भी बिना शादी के ही मां बन गई। (पढ़िए पूरी खबर)
2. कहानी आधी विधवाओं की, सालों से उनकी कोई खबर नहीं; हंसना भी भूल गईं, लेकिन तीज-करवाचौथ कोई भूलने नहीं देता
छुटकी पेट में थी, जब वो बॉम्बे (मुंबई) चले गए। एक रोज फोन आना बंद हुआ। फिर खबर मिलनी बंद हो गई। सब कहते हैं, तीज-व्रत करो, मन्नत मांगो- पति लौट आएगा। सूखे पड़े गांव में बारिश भी आ गई, लेकिन वो नहीं आए। मैं वो ब्याहता हूं, जो आधी विधवा बनकर रह गई। इंटरव्यू के दौरान वो नजरें मिलाए रखती हैं, मानो पूछती हों, क्या तुम्हारी रिपोर्ट उन तक भी पहुंचेगी! (पूरी स्टोरी पढ़ने के लिए क्लिक करें)
3. पैदा हुई तो थाली बजी, बड़ी हुई तो पिटाई होने लगी; स्कूल में टीचर कमर दबाता, दर्द से रोती तो गोद से भगा देता
सीने पर उभार दिखने लगे। आवाज बदलने लगी, और चाल भी। यहां तक कि कपड़े चुनते हुए मैं खुद अटक जाती कि चेक वाली शर्ट पहनूं या फूलों वाली फ्रॉक। इस अटकन, इस झिझक ने मेरा बचपन बदलकर रख दिया। स्कूल में टीचर ने एब्यूज किया, तो डॉक्टरी पढ़ने के बाद मरीजों ने इलाज करवाने से मना किया। बहुत वक्त लगा, खुद को आजाद करने में। (पूरी कहानी पढ़िए)
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.